home page

(अपडेट) अनंतनाग में चट्टान गिरी, पर्यटकों की गाड़ी चपेट में आने से एक की मौत

 | 

अनंतनाग, 02 सितंबर (हि.स.)। दक्षिण कश्मीर के अनंतनाग जिले के मट्टन इलाके में बमज़ू दरगाह के पास खानबल पहलगाम रोड पर बुधवार को पहाड़ी से लुढ़ककर गिरी एक चट्टान की चपेट में आने से एक पर्यटक की मौत हो गई।

एक अधिकारी ने बताया कि पहलगाम से अनंतनाग की ओर जा रही एक इनोवा गाड़ी (रजिस्ट्रेशन नंबर जेके 01एटी -8081) पर पहाड़ी से अचानक लुढ़ककर आई एक चट्टान गिर गई। इस गाड़ी में छह पर्यटक सवार थे। उन्होंने बताया कि एक पर्यटक गंभीर रूप से घायल हो गया जबकि ड्राइवर समेत बाकी पर्यटक सुरक्षित रहे।

घायल पर्यटक को तुरंत गवर्नमेंट मेडिकल कॉलेज अनंतनाग ले जाया गया जहां ईलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। मृतक की पहचान ओडिशा के गंजाम निवासी आर. हिमांशु प्रसाद राव पिता आर. पाला कृष्णा राव के रूप में हुई है।

इस बीच पुलिस ने घटना का संज्ञान लिया है और आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / राधा पंडिता