home page

टोसिक क्लब ज्यौड़ियाँ ने जेसीएम अखनूर को 46 रनों से हराकर क्रिकेट टूर्नामेंट जीता

 | 

जम्मू,, 15 अक्टूबर (हि.स.)।

युवाओं को नशे से दूर रखने और खेलों के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से आयोजित नशा मुक्त क्रिकेट टूर्नामेंट के फाइनल मुकाबले में टोसिक क्लब ज्यौड़ियाँ ने शानदार प्रदर्शन करते हुए जेसीएम अखनूर को 46 रनों से हराकर खिताब अपने नाम किया। मुकाबले में रिशव जम्वाल ने बल्लेबाजी और गेंदबाजी दोनों में बेहतरीन प्रदर्शन कर टीम की जीत में अहम भूमिका निभाई।

फाइनल मुकाबले में टोसिक क्लब ज्यौड़ियाँ के कप्तान संजय ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने का फैसला किया। टीम ने निर्धारित 12 ओवर में 106 रन बनाए। टीम की ओर से रिशव जम्वाल ने 47 रनों की शानदार पारी खेली और गेंदबाजी में भी चार विकेट हासिल किए।

107 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी जेसीएम अखनूर की टीम टोसिक क्लब के गेंदबाजों के सामने टिक नहीं सकी और 60 रन पर ऑल आउट हो गई। इस तरह टोसिक क्लब ज्यौड़ियाँ ने फाइनल मुकाबला 46 रनों से जीतकर टूर्नामेंट की ट्रॉफी अपने नाम कर ली।

इस अवसर पर कांग्रेस जिला जम्मू ग्रामीण के उपाध्यक्ष विजय कुमार विशेष रूप से उपस्थित रहे। उनके साथ अशोक शर्मा, वरवाल सभा के प्रधान सुभाष चंद्र गौरिया और मोनू वर्मा सहित अन्य गणमान्य लोग भी मौजूद रहे।

कार्यक्रम के दौरान विजय कुमार ने युवाओं को नशे से दूर रहने का संदेश देते हुए कहा कि खेल युवाओं को स्वस्थ रखने, अनुशासन सिखाने और सकारात्मक दिशा में आगे बढ़ाने का बेहतर माध्यम हैं। उन्होंने कहा कि नशा मुक्त समाज के निर्माण के लिए युवाओं और समाज के सभी वर्गों को मिलकर प्रयास करने होंगे।

उन्होंने युवाओं से खेल गतिविधियों में बढ़-चढ़कर हिस्सा लेने की अपील करते हुए कहा कि ऐसे आयोजनों से खेल भावना, आपसी भाईचारे और सामाजिक जागरूकता को बढ़ावा मिलता है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / अश्वनी गुप्ता