home page

कठुआ में मूसलाधार बारिश से जनजीवन अस्त-व्यस्त, नदियां-नाले उफान पर, एक की मौत

 | 
कठुआ में मूसलाधार बारिश से जनजीवन अस्त-व्यस्त, नदियां-नाले उफान पर, एक की मौत


कठुआ, 11 अगस्त (हि.स.)। जिले में बीती रात से लगातार हो रही भारी बारिश ने जनजीवन को बुरी तरह प्रभावित कर दिया है। पहाड़ी क्षेत्रों से लेकर मैदानी इलाकों तक जगह-जगह जलभराव, भूस्खलन और मार्गों के क्षतिग्रस्त होने की सूचना है। रावी, उज्ज, मग्गर खड्ड सहित कई नदी-नाले उफान पर हैं जिसके चलते लोगों में भय का माहौल बना हुआ है।

भारी बारिश का असर कठुआ शहर में भी देखने को मिला जहां निचले इलाकों में पानी भर गया। कई स्थानों पर बारिश का पानी लोगों के घरों तक पहुंच गया। शहर के वार्ड नंबर-4 में कैप्टन सुनील चौधरी चौक के समीप एक घर में पानी भरने के दौरान इनवर्टर बंद करने गए एक व्यक्ति के बिजली की चपेट में आने से मौत हो गई। घटना के बाद क्षेत्र में शोक का माहौल है।

उधर जिले के कंडी और पहाड़ी क्षेत्रों में भारी बारिश के कारण कई मार्गों पर भूस्खलन हुआ जिससे यातायात प्रभावित हुआ। कुछ स्थानों पर मार्ग बंद होने से लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ा। राष्ट्रीय राजमार्ग पर भी हटली मोड़ के पास जलभराव के कारण कई वाहन फंस गए। निचले क्षेत्रों में भी जलभराव और मार्गों को नुकसान पहुंचा है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सचिन खजूरिया