एमसीब और खाद्य सुरक्षा विभाग के समय पर हस्तक्षेप और त्वरित कार्रवाई से एक बड़ा जन स्वास्थ्य संकट टला-मुंतज़िर मेहदी
बड़गाम, 19 नवंबर (हि.स.)। बडगाम के विधायक आगा मुंतज़िर मेहदी ने आज सड़े हुए मांस से जुड़ी हालिया घटना की समीक्षा करने और संभावित जन स्वास्थ्य संकट को रोकने के उपायों का आकलन करने के लिए विभागीय बैठक बुलाई।
विधायक ने बडगाम नगर समिति (एमसीबी) और खाद्य सुरक्षा विभाग के समय पर हस्तक्षेप की सराहना की जिनकी त्वरित कार्रवाई से एक बड़ा जन स्वास्थ्य संकट टल गया। उन्होंने कहा कि इस मामले को संबंधित रेलवे और हवाई अड्डा अधिकारियों के साथ उठाया जाएगा ताकि ऐसे माल की उत्पत्ति स्थल पर ही कड़ी जांच और निरीक्षण सुनिश्चित किया जा सके। उन्होंने इस बात पर भी जोर दिया कि जम्मू-कश्मीर के बाहर से जमे हुए खाद्य उत्पाद खरीदने वाली कंपनियों को सभी निर्धारित मानक संचालन प्रक्रियाओं (एसओपी) का सख्ती से पालन करना चाहिए, आवश्यक कोल्ड-चेन स्थितियों को बनाए रखना चाहिए और यह सुनिश्चित करना चाहिए कि उत्पाद अपने गंतव्य तक ताजा, सुरक्षित और उपभोग योग्य स्थिति में पहुंचें। उन्होंने इस बात पर बल दिया कि खाद्य सुरक्षा मानकों के पालन में लापरवाही या उल्लंघन स्वीकार्य नहीं होगा और इसके लिए जवाबदेही तय की जानी चाहिए।
जम्मू-कश्मीर की जनता और धार्मिक नेतृत्व को आश्वासन देते हुए आगा मुंतज़िर मेहदी ने स्पष्ट रूप से कहा कि ऐसे किसी भी असुरक्षित माल को बडगाम में प्रवेश करने की अनुमति नहीं दी जाएगी। उन्होंने दोहराया कि जन स्वास्थ्य और खाद्य सुरक्षा पर कोई समझौता नहीं किया जा सकता और ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति को रोकने के लिए सभी आवश्यक उपाय किए जाएंगे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / सुमन लता

