‘चलो सचिवालय’ प्रदर्शन में हजारों युवाओं का मार्च, नेशनल लॉ यूनिवर्सिटी की मांग को लेकर सरकार पर निशाना
जम्मू, 27 मार्च (हि.स.)। चलो सचिवालय के आह्वान पर जम्मू में युवाओं ने विशाल विरोध मार्च निकालते हुए नेशनल कॉन्फ्रेंस सरकार के खिलाफ जोरदार प्रदर्शन किया। यह मार्च जेडीए पार्किंग, इंदिरा चैक से सिविल सचिवालय (विधानसभा) तक निकाला गया, जिसमें जम्मू संभाग से हजारों युवा शामिल हुए।
प्रदर्शन का नेतृत्व अरुण प्रभात ने किया, जिन्होंने कहा कि “चलो सचिवालय” सिर्फ ट्रेलर है और यदि जम्मू में नेशनल लॉ यूनिवर्सिटी की मांग पूरी नहीं हुई तो पूरे जम्मू क्षेत्र में बड़ा युवा आंदोलन खड़ा होगा। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार ने 24 हजार नौकरियां बैकडोर से बेची हैं और भर्ती प्रक्रिया पर सवाल उठाते हुए पारदर्शिता की मांग की। साथ ही कहा कि युवाओं की जायज मांगों को नजरअंदाज किया जा रहा है। प्रदर्शन में कई विधायक भी शामिल हुए और युवाओं के समर्थन में आवाज बुलंद की। आयोजकों ने चेतावनी दी कि जब तक युवाओं के अधिकार और मांगें पूरी नहीं होतीं, आंदोलन जारी रहेगा।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / सचिन खजूरिया

