गैस की कमी नहीं, सिस्टम में तकनीकी दिक्कत से बढ़ी भीड़-अफवाहों से बचें, 25 दिन बाद ही होगी अगली बुकिंग
कठुआ, 13 मार्च (हि.स.)। जिला कठुआ में इन दिनों एलपीजी सिलेंडर को लेकर लोगों के बीच बनी अफवाहों और गैस एजेंसियों के बाहर लग रही भीड़ के बीच गैस डीलरों ने स्थिति को स्पष्ट करते हुए कहा है कि जिले में गैस की कोई कमी नहीं है। समस्या केवल ऑनलाइन बुकिंग सिस्टम में तकनीकी दिक्कत और नए नियमों के अपडेट होने की वजह से सामने आ रही है।
गैस डीलरों के अनुसार पहले एक गैस कनेक्शन पर महीने में दो बार सिलेंडर बुक करने की सुविधा थी, लेकिन सरकार की ओर से नियमों में बदलाव किया गया है। अब शहरी क्षेत्रों में एक सिलेंडर लेने के बाद अगली बुकिंग 25 दिनों के बाद ही की जा सकेगी, जबकि ग्रामीण क्षेत्रों में यह समय सीमा 45 दिनों कर दी गई है। डीलरों ने बताया कि इन नए नियमों को सिस्टम में अपडेट करने में समय लग रहा है, जिसके कारण जिन फोन नंबरों के जरिए गैस बुकिंग की जाती है और जिस पर ओटीपी आता है, उनमें फिलहाल कुछ तकनीकी दिक्कतें आ रही हैं। इसी वजह से लोगों को बुकिंग करने में परेशानी हो रही है और गैस एजेंसियों के बाहर भीड़ बढ़ रही है। गैस डीलरों का कहना है कि जिले में रोजाना गैस की गाड़ियां पहुंच रही हैं और उपभोक्ताओं को नियमित रूप से सिलेंडर दिया जा रहा है। इसलिए गैस की कमी जैसी कोई स्थिति नहीं है। उन्होंने यह भी कहा कि अंतरराष्ट्रीय स्तर पर चल रहे इजरायल-अमेरिका-ईरान तनाव का असर कुछ हद तक पड़ सकता है, लेकिन फिलहाल ज्यादा समस्या अफवाहों के कारण पैदा हो रही है। कई लोग घर में पहले से सिलेंडर होने के बावजूद अतिरिक्त सिलेंडर लेने की होड़ में लगे हुए हैं, जिससे उन परिवारों को दिक्कत हो रही है जिनके पास केवल एक ही सिलेंडर है।
डीलरों ने साफ किया कि सिलेंडर की कहीं भी ब्लैक मार्केटिंग नहीं हो रही है और उपभोक्ताओं से सरकार द्वारा बढ़ाए गए 60 से 65 रुपये के नए रेट के अनुसार ही पैसे लिए जा रहे हैं। अंत में गैस डीलरों ने लोगों से अपील की कि वे अफवाहों पर ध्यान न दें और जरूरत के हिसाब से ही गैस सिलेंडर लें। घर में पहले से सिलेंडर होने के बावजूद अतिरिक्त स्टॉक जमा करने की कोशिश न करें, ताकि अनावश्यक भीड़ और घबराहट की स्थिति से बचा जा सके।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / सचिन खजूरिया

