home page

एसडीएम ने बन्न और चड़वाल पंचायतों में विकास कार्यों का किया निरीक्षण

 | 
एसडीएम ने बन्न और चड़वाल पंचायतों में विकास कार्यों का किया निरीक्षण


कठुआ, 19 नवंबर (हि.स.)। एसडीएम हीरानगर फूलैल सिंह ने वीरवार को बन्न और चड़वाल पंचायतों का दौरा कर वीबी-जी राम जी योजना के तहत चल रहे विकास कार्यों तथा मनरेगा के तहत शुरू किए गए लंबित कार्यों की प्रगति का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने कार्यों की गुणवत्ता, भौतिक प्रगति और निर्धारित समय में पूरा करने के निर्देश दिए।

दौरे के दौरान एसडीएम ने सरकारी स्कूल थट्टी बन्न का भी निरीक्षण किया और विद्यार्थियों से बातचीत कर उनकी समस्याएं सुनीं।

विद्यार्थियों ने स्कूल भवन की जर्जर हालत और खेल मैदान की बदहाल स्थिति का मुद्दा उठाया। एसडीएम ने इन समस्याओं को गंभीरता से लेते हुए संबंधित विभागों के समक्ष उठाकर जल्द समाधान का आश्वासन दिया।

इस मौके पर बीडीओ मढ़हीन जावेद इकबाल सहित संबंधित अधिकारी, जेई, पंचायत प्रतिनिधि और स्थानीय लोग मौजूद रहे। एसडीएम ने अधिकारियों को विकास कार्यों में पारदर्शिता और गुणवत्ता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

उन्होंने बताया कि अगले सप्ताह बन्न पंचायत में जन शिकायत निवारण शिविर आयोजित किया जाएगा जिसमें विभिन्न विभागों के अधिकारी मौके पर मौजूद रहकर लोगों की समस्याएं सुनेंगे और उनके समाधान के प्रयास करेंगे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सचिन खजूरिया