home page

श्राइन बोर्ड मुद्दे पर गरजी संघर्ष समिति, मेडिकल कॉलेज योजना पर जताया कड़ा विरोध

 | 

जम्मू, 04 अप्रैल (हि.स.)। जम्मू के ऐतिहासिक गीता भवन में आज श्री माता वैष्णो देवी श्राइन बोर्ड संघर्ष समिति की एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित हुई जिसमें बोर्ड की कार्यप्रणाली और प्रस्तावित मेडिकल कॉलेज को लेकर गहरा रोष व्यक्त किया गया। बैठक की अध्यक्षता कर्नल सुखवीर सिंह मनकोटिया (संयोजक) और श्री सनातन धर्म सभा के अध्यक्ष पुरुषोत्तम दधीचि ने की। बैठक में समिति के वरिष्ठ सदस्य अक्षय कुमार सहित कई प्रमुख सदस्य मौजूद रहे। चर्चा का मुख्य मुद्दा श्राइन बोर्ड विश्वविद्यालय द्वारा मेडिकल कॉलेज के लिए दी गई अनुमति का आवेदन रहा। समिति ने स्पष्ट चेतावनी देते हुए कहा कि बोर्ड की सभी गतिविधियां और संस्थानों का संचालन केवल सनातन धर्म की मान्यताओं के अनुरूप होना चाहिए, अन्यथा जम्मू एक बार फिर बड़े जन-आंदोलन का गवाह बन सकता है।

कर्नल सुखवीर सिंह ने कहा कि इस मुद्दे को लेकर व्यापक जन-संपर्क अभियान चलाया जाएगा और जन-प्रतिनिधियों से मिलकर उनकी राय ली जाएगी। साथ ही, नेशनल मेडिकल कमिशन और केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री को पत्र भेजकर इस विषय पर हस्तक्षेप की मांग की जाएगी। इस दौरान बार एसोसिएशन जम्मू के उपाध्यक्ष एडवोकेट बलदेव सिंह ने श्राइन बोर्ड के नियमों की समीक्षा के लिए विशेष कानूनी समिति गठित करने का प्रस्ताव रखा। वहीं चेंबर ट्रेडर फेडरेशन के अध्यक्ष नीरज आनंद ने कहा कि मेडिकल कॉलेज को अनुमति केवल तभी दी जानी चाहिए जब उसका संचालन सनातन मूल्यों के अनुरूप हो।

बैठक में मौजूद सदस्यों ने एक स्वर में कहा कि श्राइन बोर्ड की संपत्ति भक्तों के दान से बनी है और इसका उपयोग धार्मिक मर्यादाओं के भीतर ही होना चाहिए। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि मांगों पर ध्यान नहीं दिया गया तो संघर्ष समिति बड़े स्तर पर आंदोलन शुरू करने से पीछे नहीं हटेगी।

हिन्दुस्थान समाचार / राहुल शर्मा