हॉर्मुज जलडमरूमध्य में भारतीय जहाजों की सुरक्षित आवाजाही को बताया भारत की ‘बड़ी रणनीतिक सफलता’
जम्मू, 24 मार्च (हि.स.)। जम्मू में वरिष्ठ भाजपा नेता एवं पूर्व स्वास्थ्य मंत्री बाली भगत ने हॉर्मुज जलडमरूमध्य से दो भारतीय झंडाधारी एलपीजी जहाजों ‘पाइन गैस’ और ‘जग वसंत’ की सुरक्षित आवाजाही को एक बड़ी उपलब्धि बताया है।
उन्होंने कहा कि यह ऑपरेशन नरेंद्र मोदी की रणनीतिक सोच और दूरदर्शिता का स्पष्ट प्रमाण है। बाली भगत ने कहा कि हॉर्मुज जलडमरूमध्य विश्व के सबसे संवेदनशील समुद्री मार्गों में से एक है, जहां भारतीय नौसेना की सतर्क निगरानी और सरकार के समन्वित प्रयासों ने ऊर्जा आपूर्ति को निर्बाध बनाए रखा। उन्होंने भारतीय नौसेना की क्षमता और कूटनीतिक पहल की सराहना करते हुए कहा कि भारत ने एक अस्थिर क्षेत्र में भी अपनी मजबूती साबित की है।
विपक्ष पर निशाना साधते हुए उन्होंने कहा कि संसद और सोशल मीडिया पर सरकार की विफलता और एलपीजी की संभावित कमी को लेकर फैलाए जा रहे आरोप पूरी तरह निराधार हैं। “आज इन जहाजों की सफल आवाजाही ने साबित कर दिया है कि सरकार देश के ऊर्जा हितों की रक्षा करने में पूरी तरह सक्षम है,” उन्होंने कहा। उन्होंने यह भी उल्लेख किया कि कुछ विपक्षी नेताओं द्वारा मुद्दे को बढ़ा-चढ़ाकर पेश करने के बावजूद शशि थरूर जैसे वरिष्ठ नेताओं ने सरकार के संतुलित और प्रभावी दृष्टिकोण की सराहना की है, जिससे विपक्ष के आरोपों की विश्वसनीयता पर सवाल उठता है।
बाली भगत ने कहा कि यह मिशन भारत की समुद्री शक्ति, परिचालन दक्षता और ऊर्जा सुरक्षा को दर्शाता है। उन्होंने बताया कि करीब 92,613 मीट्रिक टन एलपीजी लेकर जा रहे इन जहाजों को भारतीय नौसेना के युद्धपोतों ने ओमान की खाड़ी और पर्शियन गल्फ के रास्ते सुरक्षित एस्कॉर्ट किया, जो बेहतरीन समन्वय और योजना का उदाहरण है। उन्होंने अंत में कहा कि यह उपलब्धि भारत के लिए गर्व का क्षण है और मोदी सरकार की ऊर्जा सुरक्षा, रणनीतिक दृष्टि और समुद्री तैयारियों को दर्शाती है। साथ ही उन्होंने विपक्ष से अपील की कि वह गलत जानकारी फैलाने से बचें और सशस्त्र बलों व सरकारी एजेंसियों की पेशेवर क्षमता का सम्मान करें।
हिन्दुस्थान समाचार / राहुल शर्मा

