कठुआ में गुरु हरगोबिंद साहिब जी का प्रकाश पर्व श्रद्धा और उल्लास के साथ मनाया गया
| Jul 5, 2026, 19:14 IST
कठुआ, 05 जुलाई (हि.स.)। सिखों के छठे गुरु श्री गुरु हरगोबिंद साहिब जी का प्रकाश पर्व कठुआ में धार्मिक उत्साह और श्रद्धा के साथ मनाया गया। इस पावन अवसर पर गुरुद्वारा सिंह सभा मेन बाजार में विशेष गुरबानी कीर्तन दरबार का आयोजन किया गया जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने भाग लिया।
कार्यक्रम के दौरान संगत ने गुरु साहिब जी की शिक्षाओं मानवता, सत्य, निःस्वार्थ सेवा और साहसकृपर आधारित प्रवचनों को श्रद्धा से सुना। वातावरण गुरबानी की मधुर धुनों से भक्तिमय बना रहा जिससे श्रद्धालु भाव-विभोर हो उठे।
समारोह का समापन अरदास के साथ हुआ जिसके पश्चात गुरु का लंगर वितरित किया गया। लंगर में सभी श्रद्धालुओं ने समान रूप से भाग लेकर सेवा और समर्पण की भावना को साकार किया।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / सचिन खजूरिया

