home page

सड़क निर्माण के लिए तय किए गए मूल सर्वे और प्रस्तावित मार्ग को बदला गया, स्थानीय लोगों को भारी परेशानियों का करना पड़ रहा सामना

 | 

राजौरी 25 जून (हि.स.)। जम्मू-कश्मीर के राजौरी जिले में गांव नाला दस्याला गम्भीर के वार्ड नं. 7 और 6 में 11.66 करोड़ रुपए की लागत से बनने वाली सड़क परियोजना को लेकर विवाद गहरा गया है। ग्रामीणों ने आरोप लगाया है कि सड़क निर्माण के लिए तय किए गए मूल सर्वे और प्रस्तावित मार्ग को बदल दिया गया है जिसके कारण स्थानीय लोगों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।

ग्रामीणों का कहना है कि सड़क का निर्माण पहले जिस सर्वे और रूट के अनुसार प्रस्तावित था उससे गांव के अधिकतर लोगों को लाभ मिलना था लेकिन अब कथित रूप से रास्ता बदलने से कई परिवार सड़क सुविधा से वंचित हो रहे हैं। लोगों ने इसे जनता के हितों के खिलाफ बताते हुए मामले की उच्च स्तरीय जांच की मांग की है।

प्रदर्शन कर रहे ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि करोड़ों रुपए की लागत वाली इस परियोजना में पारदर्शिता नहीं बरती जा रही है। उन्होंने प्रशासन से मांग की कि सड़क निर्माण कार्य को मूल सर्वे के अनुसार ही पूरा किया जाए ताकि गांव के सभी लोगों को इसका लाभ मिल सके।

ग्रामीणों ने चेतावनी दी है कि यदि उनकी मांगों पर जल्द ध्यान नहीं दिया गया और न्याय नहीं मिला तो वे मजबूर होकर हाईवे जाम करने जैसा कड़ा कदम उठाएंगे। प्रदर्शनकारियों ने प्रशासन से अपील की है कि मामले का संज्ञान लेते हुए तुरंत जांच करवाई जाए और लोगों की समस्याओं का समाधान किया जाए।

वहीं ग्रामीणों ने संबंधित विभाग से सड़क परियोजना के सर्वे डीपीआर और निर्माण कार्य से जुड़ी जानकारी सार्वजनिक करने की भी मांग की है ताकि लोगों के बीच फैली आशंकाओं को दूर किया जा सके।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / राधा पंडिता