एनएमसी ने मेडिकल अलाउंस बढ़ाने की मांग तेज की
जम्मू, 05 फ़रवरी (हि.स.)। नेशनल मज़दूर कॉन्फ्रेंस (एनएमसी) के अध्यक्ष सुभाष शास्त्री ने गुरुवार को जम्मू-कश्मीर के मुख्यमंत्री से ज़ोरदार अपील करते हुए पेंशनरों को मिलने वाले मासिक मेडिकल अलाउंस को वर्तमान 300 रुपये से बढ़ाकर 1000 रुपये करने की मांग की। उन्होंने कहा कि आगामी वित्त वर्ष का बजट प्रस्तुत करते समय, जारी बजट सत्र के दौरान इस संबंध में घोषणा की जानी चाहिए। यह मांग एनएमसी कार्यकर्ताओं की बैठक को संबोधित करते हुए उठाई गई। शास्त्री ने कहा कि बीते दो दशकों में दवाइयों और चिकित्सा खर्चों में भारी वृद्धि हुई है जिसके मद्देनज़र यह मांग पूरी तरह से जायज़ है। उन्होंने उदाहरण देते हुए कहा कि केंद्र शासित प्रदेश लद्दाख में अप्रैल 2020 से ही पेंशनरों को 1000 रुपये प्रतिमाह मेडिकल अलाउंस दिया जा रहा है।
उन्होंने यह भी कहा कि जम्मू-कश्मीर को छोड़कर लगभग सभी केंद्र शासित प्रदेश अपने पेंशनरों को 1000 रुपये मेडिकल अलाउंस दे रहे हैं जबकि जेकेयूटी में अब भी केवल 300 रुपये ही दिए जा रहे हैं। शास्त्री ने उम्मीद जताई कि पेंशनरों की इस लंबे समय से लंबित मांग का समाधान आने वाले बजट में किया जाएगा। इसके अलावा शास्त्री ने जनवरी 2020 से जून 2021 तक के 18 महीनों के लंबित महंगाई भत्ता (डीए) एरियर जारी करने की भी मांग की। उन्होंने प्रधानमंत्री और केंद्रीय वित्त मंत्री से भी अपील की कि कर्मचारियों और पेंशनरों के लिए रोके गए तीन डीए किस्तों के एरियर जारी किए जाएं, साथ ही 1 जनवरी 2026 से देय तीन प्रतिशत डीए पर भी विचार किया जाए।
एनएमसी अध्यक्ष ने बजट में सभी डेली रेटेड वर्कर्स की सेवाओं को नियमित करने की भी मांग उठाई। उन्होंने कहा कि सरकार को सत्तारूढ़ गठबंधन द्वारा समय-समय पर किए गए वादों को पूरा करते हुए इन कर्मचारियों को राहत देनी चाहिए।
हिन्दुस्थान समाचार / राहुल शर्मा

