मौसम विभाग ने सोमवार और मंगलवार को जम्मू-कश्मीर में येलो अलर्ट जारी किया
जम्मु, 09 मार्च (हि.स.)।
जम्मू-कश्मीर में मौसम एक बार फिर बदलाव की ओर बढ़ रहा है। मौसम विभाग ने सोमवार और मंगलवार को जम्मू-कश्मीर में येलो अलर्ट जारी कर दिया है। विभाग के अनुसार इन दो दिनों में मैदानी इलाकों में हल्की बारिश जबकि ऊंचे पहाड़ी क्षेत्रों में हल्की बर्फबारी होने की संभावना है।
मौसम विभाग ने बताया कि तेज हवाओं का भी असर रहेगा जहां 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं। विशेष रूप से कुपवाड़ा, बांदीपुर, गांदरबल और अनंतनाग जैसे जिलों में हल्की से मध्यम बारिश या बर्फबारी दर्ज की जा सकती है। 12 मार्च तक खराब मौसम बने रहने का अनुमान है जिसके चलते ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फबारी जारी रह सकती है। मौसम में इस बदलाव के कारण 9 से 12 मार्च के बीच विभिन्न स्थानों पर न्यूनतम तापमान में 4 से 6 डिग्री सेल्सियस तक की गिरावट दर्ज होने की संभावना है।
हिन्दुस्थान समाचार / रमेश गुप्ता

