home page

महिलाओं ने विधि-विधान से तुलसी माता और भगवान शालिग्राम का विवाह रचाया, परिवार की सुख-समृद्धि की कामना की

 | 
महिलाओं ने विधि-विधान से तुलसी माता और भगवान शालिग्राम का विवाह रचाया, परिवार की सुख-समृद्धि की कामना की


कठुआ, 21 नवंबर (हि.स.)। देवउठनी एकादशी के पावन अवसर पर शनिवार को जिलेभर में तुलसी विवाह का पर्व धार्मिक श्रद्धा, भक्ति और उत्साह के साथ मनाया गया। इस अवसर पर महिलाओं ने पूरे विधि-विधान और पारंपरिक रीति-रिवाजों के अनुसार तुलसी माता का शृंगार कर भगवान शालिग्राम के साथ उनका विवाह संपन्न करवाया। मंदिरों और घरों में दिनभर पूजा-अर्चना का दौर जारी रहा और वातावरण भक्तिमय बना रहा।

पर्व को लेकर महिलाओं में विशेष उत्साह देखने को मिला। महिलाओं ने तुलसी माता के पूजन और विवाह की रस्मों के लिए गन्ने, मूली, कलीरे, लाल चुनरी और धार्मिक ध्वजों की खरीदारी की। घरों के आंगन और मंदिरों में स्थापित तुलसी के पौधों के आसपास के स्थान को रंगोली और विभिन्न रंगों से सजाया गया। महिलाओं ने तुलसी माता का पारंपरिक तरीके से हार-शृंगार कर उन्हें सुहाग की सामग्री अर्पित की और श्रद्धापूर्वक पूजा-अर्चना की। धार्मिक मान्यताओं के अनुसार तुलसी विवाह के उपलक्ष्य में महिलाओं ने दिनभर व्रत रखा। शाम के समय मंदिरों में एकत्रित होकर पंडितों से प्रबोधिनी एकादशी और तुलसी विवाह की कथा सुनी। इसके उपरांत विधिवत पूजा-अर्चना कर तुलसी माता को गन्ना और मूली अर्पित की तथा उनकी परिक्रमा की। महिलाओं ने भगवान शालिग्राम और तुलसी माता से अपने परिवार की सुख-समृद्धि, खुशहाली और मंगल की कामना की।

गौरतलब हो कि हिंदू धर्म में प्रबोधिनी एकादशी का विशेष धार्मिक और आध्यात्मिक महत्व है। इसे अत्यंत पुण्यदायी व्रत माना जाता है। धार्मिक मान्यता है कि इस दिन भगवान विष्णु चार माह की योगनिद्रा से जागृत होते हैं और इसी के साथ मांगलिक कार्यों की शुरुआत होती है। उन्होंने बताया कि तुलसी विवाह के उपरांत श्रद्धालु लगातार पांच दिनों तक तुलसी के पौधे के समक्ष दीप प्रज्वलित कर भगवान से अपने और अपने परिवार की सुख-शांति, समृद्धि एवं कल्याण की प्रार्थना करते हैं।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सचिन खजूरिया