home page

किसानों की समस्याओं को लेकर किसान कांग्रेस ने डीसी को सौंपा ज्ञापन

 | 
किसानों की समस्याओं को लेकर किसान कांग्रेस ने डीसी को सौंपा ज्ञापन


जम्मू, 01 जून (हि.स.)। जम्मू-कश्मीर प्रदेश कांग्रेस कमेटी (जेकेपीसीसी) किसान कांग्रेस ने किसानों को खेती के मौजूदा सीजन में आ रही समस्याओं को लेकर उपायुक्त कठुआ को ज्ञापन सौंपकर तत्काल हस्तक्षेप की मांग की। ज्ञापन का नेतृत्व किसान कांग्रेस के चेयरमैन भारत प्रिय ने किया, जबकि उनके साथ जिला अध्यक्ष तसद्दुक हुसैन, राज्य महासचिव सेवा राम, डॉ. संदीप शर्मा समेत कई पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे। ज्ञापन में किसान कांग्रेस ने कहा कि वर्तमान कृषि सीजन किसानों के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण है और उर्वरकों व गुणवत्तापूर्ण बीजों की कमी से फसल उत्पादन तथा किसानों की आय पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ सकता है। संगठन ने प्रशासन से सभी अधिकृत केंद्रों पर पर्याप्त मात्रा में उर्वरकों की उपलब्धता सुनिश्चित करने तथा प्रमाणित एवं उच्च उत्पादकता वाले बीजों का पारदर्शी वितरण कराने की मांग की।

मीडिया से बातचीत में भारत प्रिय ने कहा कि कृषि ग्रामीण अर्थव्यवस्था की रीढ़ है और कठुआ जिले में हजारों परिवार अपनी आजीविका के लिए खेती पर निर्भर हैं। उन्होंने कहा कि किसान पहले ही बढ़ती लागत से जूझ रहे हैं और आवश्यक कृषि संसाधनों की कमी उनकी परेशानियों को और बढ़ा रही है। किसान कांग्रेस ने डीजल की बढ़ती कीमतों पर भी चिंता जताते हुए किसानों को रियायती दरों पर डीजल उपलब्ध कराने की मांग की। संगठन ने उर्वरकों, बीजों और डीजल की कथित कालाबाजारी, जमाखोरी और अधिक कीमत वसूलने की घटनाओं पर सख्त निगरानी तथा औचक निरीक्षण करने की भी मांग उठाई।

किसान नेताओं ने कहा कि समय पर कार्रवाई से कृषि उत्पादन बढ़ेगा, खाद्य सुरक्षा मजबूत होगी और ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूती मिलेगी। उन्होंने उम्मीद जताई कि जिला प्रशासन किसानों के हित में आवश्यक कदम उठाएगा।

हिन्दुस्थान समाचार / राहुल शर्मा