home page

कश्मीर फायर सर्विस ने सर्दियों में आग लगने की घटनाओं को रोकने के लिए सावधानी बरतने की अपील की

 | 

श्रीनगर, 17 नवंबर ( हि.स.)। जम्मू-कश्मीर अग्निशमन एवं आपातकालीन सेवा विभाग ने लोगों से अपील की है कि सर्दियों के आने के साथ ही आग लगने की घटनाओं को रोकने के लिए वे एहतियाती उपायों का सख्ती से पालन करें।

विभाग ने लोगों से कहा है कि वे हीटिंग के लिए बिजली के उपकरणों और गैस सिलेंडरों का इस्तेमाल करते समय सावधानी बरतें। साथ ही केवल अधिकृत डीलरों से ही आईएसआई मार्क वाले और अच्छी गुणवत्ता वाले उपकरण खरीदें।

विभाग ने यह भी सलाह दी है कि घर में कम से कम एक 5 से 6 किलोग्राम का 'ड्राई केमिकल पाउडर' वाला अग्निशमन यंत्र जरूर रखें।

उप निदेशक आकिब हुसैन मीर ने मंगलवार को पत्रकारों से कहा कि गर्मियों की तुलना में सर्दियों में आग लगने की घटनाएं बढ़ जाती हैं। इसके मुख्य कारण यह हैं कि इन महीनों में हीटिंग उपकरणों का इस्तेमाल ज्यादा होता है। लोग अच्छी गुणवत्ता वाले उपकरण खरीदने पर पर्याप्त ध्यान नहीं देते और पुराने उपकरणों की समय पर या ठीक से सर्विसिंग नहीं कराई जाती। उन्होंने कहा कि पुराने उपकरणों को दोबारा इस्तेमाल करने से पहले किसी योग्य तकनीशियन से उनकी जांच और सर्विसिंग करानी चाहिए।

हीटिंग के लिए गैस सिलेंडर का इस्तेमाल करते समय उचित वेंटिलेशन (हवा की आवाजाही) के महत्व पर जोर देते हुए उन्होंने कहा कि कार्बन मोनोऑक्साइड स्वास्थ्य संबंधी गंभीर समस्याएं पैदा कर सकती है और जानलेवा भी साबित हो सकती है।

कांगड़ी (पारंपरिक अंगीठी) के इस्तेमाल पर उन्होंने कहा कि कांगड़ी को पर्दों, बिस्तर, कपड़ों और आग पकड़ने वाली अन्य चीजों से दूर रखना चाहिए। सोने से पहले इसे किसी सुरक्षित जगह पर रख देना चाहिए। इलेक्ट्रिक ब्लैंकेट के बारे में उन्होंने कहा कि इलेक्ट्रिक ब्लैंकेट का इस्तेमाल कभी भी गीली सतह पर या गर्म पानी की बोतलों के साथ नहीं करना चाहिए क्योंकि इससे शॉर्ट सर्किट का खतरा होता है जो जानलेवा साबित हो सकता है।

विभाग ने लोगों से यह भी कहा है कि वे सोने से पहले बिजली के सभी उपकरणों को बंद कर दें। ग्रामीण इलाकों में रहने वाले लोगों को सलाह दी गई है कि वे सूखी घास, कोयला और ऐसी ही अन्य चीजों को घर की ऊपरी मंजिलों के बजाय घर से दूर किसी शेड में रखें क्योंकि इन चीजों से भी आग लग सकती है। मीर के अनुसार आग लगने की 90 प्रतिशत से अधिक घटनाएं शॉर्ट सर्किट या ओवरलोडिंग के कारण होती हैं। इसलिए लोगों को हर साल अपने घरों की बिजली की वायरिंग की जांच (ऑडिट) करानी चाहिए।

इस साल की घटनाओं के बारे में बात करते हुए उन्होंने बताया कि अक्टूबर तक श्रीनगर में आग लगने की कुल 493 घटनाएं दर्ज की गईं जो पिछले वर्षों की तुलना में कुछ कम हैं। उन्होंने इस कमी का मुख्य श्रेय विभाग द्वारा चलाए गए जागरूकता अभियान को दिया। विभाग ने लोगों से आग की घटनाओं को रोकने में पूरे सहयोग की अपील की।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / राधा पंडिता