उगते सूर्य को अर्घ्य देने के साथ चार दिवसीय छठ महापर्व संपन्न, सीटीएम प्रबंधन ने जिला प्रशासन और पुलिस का जताया आभार
कठुआ, 16 नवंबर (हि.स.)। कठुआ में चार दिवसीय आस्था का महापर्व छठ सोमवार को उगते सूर्य को अर्घ्य देने के साथ श्रद्धा और उल्लासपूर्वक संपन्न हो गया।
इस अवसर पर सब्जी मंडी के समीप नहर किनारे बनाए गए घाट पर सुबह सैकड़ों व्रती महिलाओं और श्रद्धालुओं ने भगवान सूर्य को अर्घ्य अर्पित कर परिवार की सुख-समृद्धि, खुशहाली और मंगलकामना की। पर्व में बाहरी राज्यों से आए लोगों के साथ-साथ स्थानीय श्रद्धालुओं ने भी उत्साहपूर्वक भाग लिया।
सोमवार सुबह सूर्योदय के साथ ही घाट पर छठी मइया के जयकारों और पारंपरिक पूजा-अर्चना का माहौल देखने को मिला। व्रती महिलाओं ने 36 घंटे के कठिन निर्जला व्रत का समापन सूर्य देव को अर्घ्य देकर किया। इससे पहले रविवार शाम को अस्ताचलगामी सूर्य को अर्घ्य अर्पित किया गया था।
चार दिवसीय पर्व के शांतिपूर्ण एवं सफल आयोजन और समापन पर सीटीएम प्रबंधन के कार्यकारी अध्यक्ष यूके पटनायक, उपाध्यक्ष मनोज कुमार झा तथा उपाध्यक्ष आरके बंसल ने जिला प्रशासन, पुलिस प्रशासन, सीटीएम के स्वयंसेवकों और स्थानीय लोगों का विशेष आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि सभी के सहयोग और बेहतर तालमेल से छठ महापर्व का आयोजन शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हो सका।
वहीं रेलवे रोड स्थित खजूरिया मार्केट के सदस्यों ने भी सेवा भाव का परिचय देते हुए 36 घंटे का निर्जला व्रत रखने वाली महिलाओं के लिए हलवा, चाय और बिस्कुट का लंगर लगाया। व्रतियों को प्रसाद एवं जलपान करवाकर उनका व्रत खुलवाने में सहयोग दिया।
इस अवसर पर नंद लाल खजूरिया, राजेंद्र कुमार, अशोक कुमार, सरदारी सिंह, महेश कुमार, राहुल, विवेक, रामछबीला, रवि कुमार, अमित चैरसिया, अखिलेश कुमार, बृजु, हरि शंकर, मनोज कुमार, मोनू, शैलेंद्र और राधेश्याम सहित अन्य श्रद्धालुओं ने बताया कि छठ पूजा में 36 घंटे का निर्जला व्रत अत्यंत कठिन माना जाता है।
इस पर्व में पवित्रता, आस्था और भगवान सूर्य को अर्घ्य देने का विशेष महत्व है। षष्ठी तिथि की शाम अस्त होते सूर्य और अगले दिन सुबह उगते सूर्य को अर्घ्य अर्पित करने के साथ ही छठ महापर्व की सभी धार्मिक रस्में पूरी होती हैं।
कठुआ में छठ महापर्व के समापन के साथ ही श्रद्धा, भक्ति और सामाजिक सौहार्द का वातावरण देखने को मिला।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / सचिन खजूरिया

