home page

पूर्व मंत्री ने कहा अवैध ढांचों पर सख्त कार्रवाई से आतंक और नार्को नेटवर्क को लगेगी करारी चोट

 | 
पूर्व मंत्री ने कहा अवैध ढांचों पर सख्त कार्रवाई से आतंक और नार्को नेटवर्क को लगेगी करारी चोट


जम्मू, 28 मई (हि.स.)। वरिष्ठ भाजपा नेता एवं पूर्व मंत्री बाली भगत ने अंतरराष्ट्रीय सीमा से 15 किलोमीटर के दायरे में बने अवैध ढांचों के खिलाफ सख्त कार्रवाई के केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के निर्देशों का जोरदार समर्थन किया है। उन्होंने कहा कि इस कदम से जम्मू-कश्मीर में सक्रिय आतंक, घुसपैठ और नार्को-टेरर नेटवर्क को निर्णायक झटका लगेगा।

जारी बयान में बाली भगत ने कहा कि जम्मू-कश्मीर दशकों से पाकिस्तान प्रायोजित आतंकवाद, सीमा पार घुसपैठ, ड्रोन तस्करी और कट्टरपंथी नेटवर्क की वजह से प्रभावित रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि संवेदनशील सीमावर्ती क्षेत्रों में बने कई अवैध ढांचे आतंकियों और तस्करों के लिए शरणस्थली, ट्रांजिट प्वाइंट और लॉजिस्टिक हब के रूप में इस्तेमाल होते रहे हैं जहां से हथियारों और नशीले पदार्थों की तस्करी तथा घुसपैठ को मदद मिलती है।

उन्होंने कहा कि नरेंद्र मोदी के नेतृत्व वाली केंद्र सरकार ने आतंकवाद और राष्ट्रविरोधी गतिविधियों के खिलाफ जीरो टॉलरेंस नीति अपनाई है। भगत ने कहा कि अमित शाह ने स्पष्ट कर दिया है कि आतंकवाद, नार्को फंडिंग और घुसपैठ को समर्थन देने वाले हर नेटवर्क को पूरी तरह ध्वस्त किया जाएगा। उन्होंने इसे केवल प्रशासनिक कार्रवाई नहीं बल्कि जम्मू-कश्मीर में पाकिस्तान की “प्रॉक्सी वॉर मशीनरी” पर सीधा प्रहार बताया। बाली भगत ने कहा कि जम्मू, सांबा, कठुआ, राजौरी और पुंछ जैसे सीमावर्ती जिलों में लगातार ड्रोन घुसपैठ, हेरोइन की खेप, हथियार गिराने और घुसपैठ की घटनाएं सामने आती रही हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि पाकिस्तान जम्मू-कश्मीर को अस्थिर करने और स्थानीय युवाओं को गुमराह करने के लिए नार्को-टेररिज्म का हथियार के रूप में इस्तेमाल कर रहा है।

उन्होंने विपक्षी नेताओं महबूबा मुफ्ती, फारूक अब्दुल्ला और उमर अब्दुल्ला पर तीखा हमला बोलते हुए आरोप लगाया कि ये नेता समय-समय पर ऐसे बयान देते हैं जो अप्रत्यक्ष रूप से पाकिस्तान के नैरेटिव को मजबूत करते हैं और सुरक्षा बलों का मनोबल कमजोर करते हैं। भगत ने कहा कि जब भी आतंकवाद, अलगाववाद या अवैध नेटवर्क के खिलाफ सख्त कार्रवाई होती है तब ये नेता विरोध शुरू कर देते हैं और ऐसी भाषा बोलते हैं जो पाकिस्तान के हित में होती है। उन्होंने आरोप लगाया कि राष्ट्रीय सुरक्षा के मुद्दे पर साथ खड़े होने के बजाय विपक्षी नेता राजनीतिक लाभ के लिए भ्रम और भय का माहौल बनाने की कोशिश करते हैं।

उन्होंने कहा कि जम्मू-कश्मीर की जनता अब ऐसी राजनीति को पूरी तरह समझ चुकी है और आतंकवाद के खिलाफ लड़ाई में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और गृह मंत्री अमित शाह के साथ मजबूती से खड़ी है। उन्होंने कहा कि वर्तमान नेतृत्व ने स्पष्ट संदेश दिया है कि आतंकवाद, अलगाववाद, नार्को फंडिंग और उन्हें राजनीतिक संरक्षण देने वालों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा। बाली भगत ने प्रशासन और सुरक्षा एजेंसियों से गृह मंत्री के निर्देशों को सख्ती से लागू करने तथा सीमावर्ती क्षेत्रों में राष्ट्रविरोधी गतिविधियों को समर्थन देने वाले हर अवैध ढांचे और नेटवर्क को पूरी तरह ध्वस्त करने की मांग की।

हिन्दुस्थान समाचार / राहुल शर्मा