home page

राशन कार्ड व एलपीजी समस्याओं को लेकर प्रतिनिधि मंडल ने निदेशक एफसीएसएन्डसीए से की मुलाकात

 | 
राशन कार्ड व एलपीजी समस्याओं को लेकर प्रतिनिधि मंडल ने निदेशक एफसीएसएन्डसीए से की मुलाकात


जम्मू, 06 अप्रैल (हि.स.)। श्री कैलख ज्योतिष एवं वैदिक संस्थान ट्रस्ट के अध्यक्ष महंत रोहित शास्त्री के नेतृत्व में एक प्रतिनिधि मंडल ने खाद्य, नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता मामले जम्मू के निदेशक राजेश कुमार शवन से मुलाकात की। इस दौरान प्रतिनिधियों ने उन्हें ट्रस्ट द्वारा प्रकाशित वार्षिक पत्रिका ‘कर्तव्य मार्ग’ भेंट की और आम जनता से जुड़े कई महत्वपूर्ण मुद्दे उनके समक्ष रखे। प्रतिनिधि मंडल ने विशेष रूप से राशन कार्डों के विभाजन (बिफर्केशन) में हो रही देरी और एलपीजी सेवाओं से संबंधित समस्याओं को उठाते हुए इनके शीघ्र समाधान की मांग की। उन्होंने बताया कि नए परिवारों को राशन कार्ड विभाजन में देरी के कारण सरकारी योजनाओं और खाद्यान्न वितरण का लाभ नहीं मिल पा रहा है।

महंत रोहित शास्त्री ने विभाग से इस प्रक्रिया को सरल, पारदर्शी और समयबद्ध बनाने का आग्रह किया, ताकि पात्र लाभार्थियों तक योजनाओं का लाभ प्रभावी ढंग से पहुंच सके। साथ ही प्रतिनिधि मंडल ने सार्वजनिक वितरण प्रणाली और एलपीजी सेवाओं को बेहतर बनाने के लिए सरकार द्वारा किए जा रहे प्रयासों की सराहना भी की। इस पर निदेशक राजेश कुमार शवन ने प्रतिनिधि मंडल की बातों को गंभीरता से सुनते हुए आश्वासन दिया कि राशन कार्ड विभाजन और एलपीजी से जुड़ी समस्याओं के समाधान के लिए विभाग जल्द ही नियमानुसार सकारात्मक कार्रवाई करेगा। उन्होंने कहा कि आम जनता को बेहतर सेवाएं प्रदान करना विभाग की प्राथमिकता है।

हिन्दुस्थान समाचार / राहुल शर्मा