home page

भाजपा ओबीसी मोर्चा ने बादल फटने से प्रभावित क्षेत्रों का किया दौरा, राहत, मुआवजे और पुनर्वास में तेजी लाने की मांग

 | 
भाजपा ओबीसी मोर्चा ने बादल फटने से प्रभावित क्षेत्रों का किया दौरा, राहत, मुआवजे और पुनर्वास में तेजी लाने की मांग


जम्मू, 11 जुलाई (हि.स.)। भाजपा ओबीसी मोर्चा के पदाधिकारियों के एक प्रतिनिधिमंडल ने डोडा जिले के ठाठरी में बादल फटने से प्रभावित क्षेत्रों का दौरा कर हालात का जायजा लिया। प्रतिनिधिमंडल में जिला अध्यक्ष मुनीर शेख के साथ अख्तर शेख, मुनीर खान, मानन भट्ट और गुलाम हुसैन शामिल थे। टीम ने मंडल ठाठरी के अंतर्गत 52-डोडा विधानसभा क्षेत्र के विभिन्न गांवों में पहुंचकर प्रभावित परिवारों से मुलाकात की, नुकसान का आकलन किया तथा राहत एवं नागरिक पुनर्स्थापन कार्यों में भी सहयोग दिया।

दौरे के दौरान भाजपा नेताओं ने कहा कि बादल फटने की घटना से रिहायशी मकानों, कृषि भूमि, सड़कों और अन्य सार्वजनिक ढांचे को भारी नुकसान पहुंचा है जिससे स्थानीय लोगों को गंभीर कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है। जिला अध्यक्ष मुनीर शेख ने कहा कि प्रभावित परिवार समय पर राहत और पुनर्वास की प्रतीक्षा कर रहे हैं लेकिन उन्हें पर्याप्त सहायता नहीं मिल रही है।

भाजपा ओबीसी मोर्चा के नेताओं ने आरोप लगाया कि नेशनल कॉन्फ्रेंस सरकार और स्थानीय विधायक मेहराज मलिक प्रभावित क्षेत्रों में लोगों की समस्याओं के समाधान में अपेक्षित भूमिका निभाने में विफल रहे हैं। उनका कहना था कि राहत, क्षतिग्रस्त बुनियादी ढांचे की बहाली और प्रभावित परिवारों को उचित मुआवजा देने के कार्य में तेजी लाने की आवश्यकता है।

भाजपा ओबीसी मोर्चा जम्मू-कश्मीर के प्रदेश अध्यक्ष ब्रह्म ज्योत सत्ती ने भी सरकार के रवैये की आलोचना करते हुए कहा कि प्राकृतिक आपदा के समय त्वरित राहत और पुनर्वास सुनिश्चित करना सरकार की प्राथमिक जिम्मेदारी होती है। उन्होंने प्रशासन से नुकसान का व्यापक आकलन कराने, सभी प्रभावित परिवारों को पर्याप्त मुआवजा देने, क्षतिग्रस्त सड़कों और आवश्यक सेवाओं को युद्धस्तर पर बहाल करने तथा यह सुनिश्चित करने की मांग की कि कोई भी प्रभावित परिवार राहत से वंचित न रहे। साथ ही उन्होंने कहा कि भाजपा ओबीसी मोर्चा प्रभावित लोगों की समस्याओं को उठाता रहेगा और उनके साथ खड़ा रहेगा।

हिन्दुस्थान समाचार / राहुल शर्मा