भाजपा ने संत रविदास समरसता संकल्प अभियान के तहत किया पवित्र कलश वंदन व वितरण
जम्मू, 01 अगस्त (हि.स.)। जम्मू-कश्मीर भाजपा ने संत शिरोमणि गुरु रविदास जी समरसता संकल्प अभियान के तहत राजपुरा स्थित गुरु रविदास मंदिर में पवित्र कलश वंदन एवं वितरण कार्यक्रम आयोजित किया। इस दौरान वाराणसी के सीर गोवर्धनपुर स्थित गुरु रविदास जी की जन्मस्थली से लाई गई पावन माटी से भरे कलशों का पूजन कर उन्हें प्रदेश के विभिन्न जिलों के लिए रवाना किया गया। कार्यक्रम में भाजपा प्रदेश अध्यक्ष एवं राज्यसभा सांसद सत शर्मा, संगठन महामंत्री अशोक कौल, सांसद जुगल किशोर शर्मा, पूर्व उपमुख्यमंत्री डॉ. निर्मल सिंह, अभियान प्रभारी बलदेव सिंह बिलावरिया सहित कई वरिष्ठ नेता, विधायक और पदाधिकारी मौजूद रहे।
इस अवसर पर सत शर्मा ने कहा कि गुरु रविदास जी पूरी मानवता के संत हैं और उनके समानता, बंधुत्व, सामाजिक न्याय तथा समरसता के संदेश आज भी प्रासंगिक हैं। उन्होंने कहा कि गुरु रविदास जी के 'बेगमपुरा' के विचार सामाजिक भेदभाव से मुक्त समाज की प्रेरणा देते हैं और देश को सामाजिक समरसता की दिशा में आगे बढ़ाने का प्रयास किया जा रहा है। अशोक कौल ने बताया कि वाराणसी से लाई गई पवित्र माटी के कलशों को जम्मू-कश्मीर के प्रत्येक जिले के गुरु रविदास मंदिरों और प्रमुख मंदिरों तक पहुंचाया जाएगा। इसके बाद सभी मंडलों में समरसता यात्रा और समरसता संपर्क अभियान चलाकर सामाजिक सौहार्द का संदेश जन-जन तक पहुंचाया जाएगा।
सांसद जुगल किशोर शर्मा ने कहा कि गुरु रविदास जी की शिक्षाएं समाज को समानता, करुणा और सेवा का मार्ग दिखाती हैं जबकि डॉ. निर्मल सिंह ने उनके विचारों को सामाजिक परिवर्तन का आधार बताते हुए उन्हें व्यवहार में अपनाने पर जोर दिया। अभियान प्रभारी बलदेव सिंह बिलावरिया ने कहा कि इस अभियान के माध्यम से गुरु रविदास जी के समरसता के संदेश को बूथ स्तर तक पहुंचाकर इसे जनआंदोलन का स्वरूप दिया जाएगा।
हिन्दुस्थान समाचार / राहुल शर्मा

