नवरात्रों के स्वागत में सजे जम्मू के मंदिर, सुबह शाम होगी पूजा अर्चना
जम्मू, 10 अक्टूबर (हि.स.)। शारदीय नवरात्रों के आगमन को लेकर मंदिरों और धार्मिक स्थलों में तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। मां दुर्गा की आराधना के नौ दिनों के स्वागत में जम्मू शहर के विभिन्न मंदिरों को सजाया गया है। मंदिरों में विशेष सजावट, पूजा-अर्चना और धार्मिक कार्यक्रमों को लेकर श्रद्धालुओं में उत्साह है। नवरात्रों के दौरान शहर के मंदिरों में सुबह शाम पूजा और भजन कीर्तन के साथ भक्तिमय माहौल रहेगा।
गंग्याल स्थित मंदिर में भी नवरात्रों से एक दिन पहले मां का भव्य दरबार सजाया गया। यहां भगवान परशुराम सहित माता रानी की मूर्तियों को आकर्षक ढंग से सजाया गया है।
सतीश शर्मा और दीन दयाल शर्मा ने बताया कि मंदिर में करीब 38 देवी-देवताओं की मूर्तियां स्थापित हैं। यहां शिवलिंग के रूप में भगवान शिव भी विराजमान हैं। हर वर्ष की तरह इस बार भी श्रद्धालुओं के लिए दरबार को विशेष रूप से सजाया गया है। नवरात्रों के दौरान अगले आठ दिनों तक सुबह-शाम पूजा अर्चना, सत्संग और अन्य धार्मिक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।
वहीं जम्मू के प्रमुख धार्मिक स्थलों और मंदिरों में भी नवरात्रों को लेकर विशेष तैयारियां की गई हैं। श्रद्धालु माता के दर्शन, पूजा-अर्चना और धार्मिक आयोजनों में भाग लेकर सुख-समृद्धि की कामना करेंगे। नवरात्रों के दौरान मंदिरों में भक्तों की आवाजाही बढ़ने की उम्मीद है।
हिन्दुस्थान समाचार / राहुल शर्मा

