home page

टेक्नोलॉजी का कमाल-100 खोए मोबाइल मालिकों तक लौटे, साइबर ठगी के 33 लाख भी वापस

 | 
टेक्नोलॉजी का कमाल-100 खोए मोबाइल मालिकों तक लौटे, साइबर ठगी के 33 लाख भी वापस


कठुआ, 22 मई (हि.स.)। कठुआ पुलिस ने नागरिक सेवाओं के प्रति अपनी प्रतिबद्धता को साबित करते हुए बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस ने पिछले दो महीनों में जिले के विभिन्न थानों में दर्ज शिकायतों के आधार पर 100 खोए चोरी हुए मोबाइल फोन बरामद किए हैं जिनकी कुल कीमत करीब 17.01 लाख बताई गई है। इनमें 3 एप्पल आईफोन भी शामिल हैं।

एसएसपी कठुआ मोहिता शर्मा ने बताया कि आईटी सेक्शन डीपीओ कठुआ की टीम ने आधुनिक तकनीक और लगातार प्रयासों से इन मोबाइल फोन को जम्मू-कश्मीर, पंजाब, हिमाचल प्रदेश, हरियाणा, उत्तर प्रदेश और दिल्ली सहित कई स्थानों से ट्रेस किया। सभी कानूनी औपचारिकताएं पूरी करने के बाद मोबाइल उनके असली मालिकों को सौंप दिए गए। पुलिस के अनुसार पिछले दो वर्षों में करीब 600 मोबाइल फोन बरामद किए जा चुके हैं, जिनकी कुल कीमत ₹1.06 करोड़ से अधिक है। वहीं, साइबर पुलिस स्टेशन कठुआ ने भी ऑनलाइन ठगी के मामलों में उल्लेखनीय काम किया है। जनवरी से अप्रैल 2026 के बीच करीब 33.84 लाख की ठगी राशि पीड़ितों को वापस दिलाई गई है। स्थापना से अब तक साइबर पुलिस करीब 1.77 करोड़ की राशि रिकवर कर चुकी है। पुलिस ने आम जनता से अपील की है कि मोबाइल खोने या चोरी होने पर तुरंत सीईआईआर पोर्टल पर रिपोर्ट करें और साइबर ठगी की स्थिति में 1930 हेल्पलाइन या राष्ट्रीय साइबर क्राइम पोर्टल पर तुरंत शिकायत दर्ज कराएं।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सचिन खजूरिया