home page

स्कूलों में टीबी जागरूकता अभियान तेज

 | 
स्कूलों में टीबी जागरूकता अभियान तेज


कठुआ, 09 मई (हि.स.)। टीबी मुक्त भारत अभियान (फेज-2, 100 दिवसीय अभियान) के तहत जिला क्षय रोग केंद्र कठुआ द्वारा जिले के विभिन्न सरकारी स्कूलों में टीबी जागरूकता एवं आईईसी गतिविधियों का सफल आयोजन किया गया।

यह कार्यक्रम मुख्य शिक्षा अधिकारी केवल कृष्ण के मार्गदर्शन में शिक्षा विभाग के सहयोग से आयोजित किया गया जिसमें छात्रों, शिक्षकों और स्कूल प्रबंधन की सक्रिय भागीदारी रही। जिला क्षय रोग अधिकारी राधा कृष्ण के निर्देशन और जिला टीबी प्रोग्राम कोऑर्डिनेटर पूजा शर्मा के समन्वय में टीम ने विभिन्न स्कूलों में जागरूकता कार्यक्रम चलाए। इस दौरान छात्रों और स्टाफ को टीबी के लक्षण, बचाव, समय पर जांच, उपचार और इससे जुड़े सामाजिक भेदभाव को खत्म करने के बारे में जानकारी दी गई।

कार्यक्रम के दौरान इंटरैक्टिव व्याख्यान और काउंसलिंग सत्र आयोजित किए गए जिससे छात्रों को टीबी के प्रति जागरूक किया गया और ‘टीबी मुक्त भारत’ के लक्ष्य में सहभागिता के लिए प्रेरित किया गया।

मुख्य शिक्षा अधिकारी ने इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि स्कूल स्तर पर जागरूकता फैलाना बेहद जरूरी है ताकि नई पीढ़ी को स्वास्थ्य संबंधी जानकारी मिल सके। उन्होंने ऐसे अभियानों में शिक्षा विभाग के पूर्ण सहयोग का आश्वासन दिया। इस अभियान के सफल संचालन में नोडल अधिकारी मोनिका खोसला ने भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। जिला क्षय रोग केंद्र ने सभी स्कूलों, शिक्षकों और छात्रों का सहयोग के लिए आभार व्यक्त किया।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सचिन खजूरिया