home page

उधमपुर-बिलावर सड़क की बदहाली पर जोरदार प्रदर्शन, दिया धरना, प्रशासन ने शीघ्र मरम्मत का दिया आश्वासन

 | 
उधमपुर-बिलावर सड़क की बदहाली पर जोरदार प्रदर्शन, दिया धरना, प्रशासन ने शीघ्र मरम्मत का दिया आश्वासन


जम्मू, 02 मार्च (हि.स.)। उधमपुर से बिलावर को जोड़ने वाली महत्वपूर्ण सड़क, विशेषकर उधमपुर पूर्वी विधानसभा क्षेत्र से गुजरने वाला हिस्सा लंबे समय से खस्ताहाल स्थिति में है। जगह-जगह गहरे गड्ढों के कारण यह सड़क कम और गड्ढों का जाल अधिक दिखाई देती है। इससे वाहन चालकों, खासकर दुपहिया सवारों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है तथा दुर्घटनाओं का खतरा लगातार बना हुआ है। स्थानीय लोगों का कहना है कि आए दिन हादसों की खबरें मिलती रहती हैं और कई लोग अपनी जान भी गंवा चुके हैं।

इसी समस्या को लेकर वरिष्ठ नेता पवन खजुरिया ने अपने समर्थकों और सैकड़ों कार्यकर्ताओं के साथ मनवाल बस स्टैंड पर विरोध प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारियों ने कुछ समय के लिए धार रोड को बंद कर धरना दिया और प्रशासन व बीआरओ के खिलाफ नारेबाजी की। धरने को संबोधित करते हुए पवन खजुरिया ने कहा कि यह सड़क हजारों लोगों की जीवन रेखा है लेकिन लंबे समय से इसकी अनदेखी की जा रही है। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि शीघ्र मरम्मत कार्य शुरू नहीं हुआ तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा। वक्ताओं ने जल जीवन मिशन की कार्यप्रणाली पर भी सवाल उठाते हुए कहा कि गांवों में आज भी पानी की समस्या बनी हुई है।

इस दौरान तहसीलदार मजालता कामिनी चौधरी ने आश्वासन दिया कि वह मामले को उच्च अधिकारियों के समक्ष उठाएंगी। पवन खजुरिया ने बताया कि केंद्रीय मंत्री डॉ. जितेंद्र सिंह ने भी सड़क की स्थिति का संज्ञान लेते हुए बीआरओ अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए हैं। प्रशासन और बीआरओ अधिकारियों के आश्वासन के बाद धरना समाप्त कर दिया गया। पवन खजुरिया ने कहा कि क्षेत्र के विकास से जुड़े मुद्दों पर वे लगातार आवाज उठाते रहेंगे।

हिन्दुस्थान समाचार / राहुल शर्मा