डीएम जम्मू का सख्त आदेश-सोशल मीडिया पर भड़काऊ व फेक कंटेंट पूरी तरह प्रतिबंधित
जम्मू, 17 अप्रैल (हि.स.)। जिला मजिस्ट्रेट जम्मू डॉ. राकेश मिन्हास द्वारा कानून-व्यवस्था और साम्प्रदायिक सौहार्द बनाए रखने के लिए एक सख्त आदेश जारी किया गया है। आदेश के तहत सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स पर भड़काऊ, भ्रामक और फर्जी सामग्री के प्रसार पर तत्काल प्रभाव से रोक लगा दी गई है।
आदेश में कहा गया है कि व्हाट्सएप, फेसबुक, एक्स (ट्विटर), इंस्टाग्राम और यूट्यूब जैसे प्लेटफॉर्म्स का दुरुपयोग कर सांप्रदायिक तनाव फैलाने, झूठी खबरें फैलाने या भड़काऊ सामग्री साझा करने पर सख्त कार्रवाई की जाएगी। डीएम ने स्पष्ट किया है कि कोई भी व्यक्ति समुदायों के बीच नफरत फैलाने वाला कंटेंट पोस्ट/शेयर नहीं करेगा फर्जी या भ्रामक जानकारी प्रसारित नहीं करेगा, मॉर्फ्ड या संदर्भ से हटे वीडियो/तस्वीरें शेयर नहीं करेगा और किसी समुदाय के खिलाफ हिंसा या बहिष्कार के लिए उकसावे वाले संदेश नहीं फैलाएगा यह आदेश बीएनएसएस 2023 की धारा 163 और आईटी एक्ट के प्रावधानों के तहत जारी किया गया है। प्रशासन ने चेतावनी दी है कि नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी। जिला प्रशासन ने नागरिकों से अपील की है कि शांति और भाईचारे को बनाए रखने में सहयोग करें और केवल सत्यापित जानकारी ही साझा करें।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / सचिन खजूरिया

