कठुआ में अवैध खनन पर सख्त प्रहार-3 महीनों में 293 वाहन जब्त, 56.54 लाख से अधिक जुर्माना वसूला
कठुआ, 05 फरवरी (हि.स.)। जिला कठुआ में अवैध खनन और खनिजों के अवैध परिवहन के खिलाफ खनन विभाग ने बीते तीन महीनों में बड़ी कार्रवाई करते हुए 293 वाहनों को जब्त/दंडित किया है तथा 56.54 लाख से अधिक का जुर्माना वसूला है। यह कार्रवाई नवंबर 2025 से जनवरी 2026 के बीच की गई है।
जिला खनिज अधिकारी कठुआ विरेन्द्र सिंह के रूप में कार्यभार संभालने के बाद अवैध खनन के खिलाफ अभियान को और तेज किया गया है। यह कार्रवाई उपमुख्यमंत्री सुरिंदर चैधरी, उपायुक्त कठुआ राजेश शर्मा एवं निदेशक भूविज्ञान एवं खनन विभाग एस पी रुकवाल के दिशा-निर्देशों के अनुरूप की जा रही है। अधिकारियों के अनुसार, जिले में लघु खनिजों के अवैध उत्खनन और परिवहन पर रोक लगाने के लिए कड़े एवं प्रभावी कदम उठाए जा रहे हैं। जिला खनिज अधिकारी विरेन्द्र सिंह की निगरानी में अवैध खनन से संबंधित शिकायतों पर 24×7 कार्रवाई सुनिश्चित की जा रही है। डीएमओ कठुआ ने स्पष्ट शब्दों में कहा कि अवैध खनन किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने बताया कि जैसे ही कोई शिकायत प्राप्त होती है, विभाग द्वारा तत्काल कार्रवाई की जाती है और दोषियों के खिलाफ सख्त दंडात्मक कदम उठाए जाते हैं। खनन विभाग की इस सक्रियता के चलते जुर्माने की राशि में भी उल्लेखनीय वृद्धि दर्ज की गई है, जो पिछले वर्षों की तुलना में कहीं अधिक है। विभाग ने दोहराया कि अवैध खनन के खिलाफ यह अभियान बिना किसी रुकावट के आगे भी जारी रहेगा, ताकि जिले में प्राकृतिक संसाधनों की सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / सचिन खजूरिया

