home page

रियासी के एसएसपी ने विश्व के सबसे ऊंचे रेलवे मेहराब पुल की सुरक्षा जांची

 | 

जम्मू, 21 अप्रैल (हि.स.)। जम्मू-कश्मीर के रियासी जिले में उच्च स्तरीय निरीक्षण के दौरान मंगलवार को चिनाब नदी पर बने विश्व के सबसे ऊंचे रेलवे मेहराब पुल सहित कई महत्वपूर्ण प्रतिष्ठानों की रियासी के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक मुकुंद तिबरेवाल ने सुरक्षा समीक्षा की।

पुलिस प्रवक्ता ने बताया कि रियासी के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक मुकुंद तिबरेवाल ने अरनास उपमंडल में स्थित चिनाब पुल, दुग्गा रेलवे स्टेशन और सावलकोट जलविद्युत परियोजना की व्यापक सुरक्षा समीक्षा की। कौरी और बकाल को जोड़ने वाले चिनाब पुल पर एसएसपी ने पुल और आसपास के क्षेत्रों की सुरक्षा के लिए तैनात सीआरपीएफ और सरकारी रेलवे पुलिस (जीआरपी) के साथ बातचीत की और आसपास के गांवों और वन क्षेत्रों में प्रभावी संयुक्त सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए मजबूत अंतर-एजेंसी समन्वय की आवश्यकता पर जोर दिया।

प्रवक्ता ने बताया कि तिबरेवाल ने किसी भी अप्रिय घटना को रोकने के लिए सख्त पहुंच नियंत्रण उपायों और आधुनिक निगरानी प्रणालियों के उपयोग की भी मांग की। दुग्गा स्टेशन और सावलकोट में अधिकारी ने तैनात सुरक्षा कर्मियों और ग्राम रक्षा समूहों के सदस्यों के साथ बातचीत की। उन्होंने निर्देश दिया कि सभी क्षेत्रीय सुरक्षा अभ्यासों का दैनिक दस्तावेजीकरण किया जाए और ग्राम रक्षा गार्डों के लिए फायरिंग अभ्यास सहित नियमित अभ्यास और प्रशिक्षण के महत्व पर जोर दिया।

एसपी ने धंसल पुलिस चौकी और अरनास पुलिस स्टेशन का भी दौरा किया। अरनास पुलिस स्टेशन में उन्होंने पुलिस रिकॉर्ड के रखरखाव में सुधार और परिसर की स्वच्छता सुनिश्चित करने के निर्देश जारी किए। प्रवक्ता ने बताया कि जांच अधिकारियों को लंबित मामलों को कम करने के लिए पूछताछ में तेजी लाने, लापता व्यक्तियों का पता लगाने और फरार अपराधियों को पकड़ने पर ध्यान केंद्रित करने का निर्देश दिया गया है। एसएसपी ने कहा कि धार्मिक स्थलों सहित महत्वपूर्ण प्रतिष्ठानों की सुरक्षा जिले की सर्वोच्च प्राथमिकता बनी हुई है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सुमन लता