home page

एसएसपी रियासी ने महोर के देवल गांव में 'थाना दिवस' का आयोजन कियाए गुलाबगढ़ में सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा की

 | 

रियासी, 3 नवंबर, (हि.स.)। जनता के साथ जुड़ने की अपनी निरंतर पहल के तहत एसएसपी रियासी मुकुंद टिबरेवाल (आईपीएस) ने महोर के देवल पुलिस पोस्ट और गुलाबगढ़ एसओजी का दौरा किया। इस दौरान उनके साथ एडिशनल एसपी रियासी इफ्तिखार अहमद, एसडीपीओ महोर, डीवाईएसपी एसओजी (महोर/चसाना) और एसएचओ महोर पुलिस स्टेशन भी मौजूद थे। यहां 'थाना दिवस' के अंतर्गत एक जन-संवाद और शिकायत निवारण कार्यक्रम आयोजित किया गया साथ ही इलाके की सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा भी की गई।

देवल में आयोजित 'थाना दिवस' कार्यक्रम के दौरान एसएसपी ने स्थानीय निवासियों से बातचीत की और उनकी शिकायतों व चिंताओं को ध्यानपूर्वक सुना। निवासियों ने देवल पुलिस पोस्ट के लिए एक अलग इमारत बनाने, इलाके में खेल टूर्नामेंट आयोजित करने और चरित्र सत्यापन की प्रक्रिया में तेजी लाने की मांग रखी। एसएसपी ने निवासियों को आश्वासन दिया कि पुलिस विभाग के दायरे में आने वाले मुद्दों को प्राथमिकता के आधार पर हल किया जाएगा जबकि अन्य विभागों से जुड़े मामलों को संबंधित अधिकारियों तक पहुंचाकर उनके उचित समाधान का प्रयास किया जाएगा।

इस संवाद ने दुर्गम और भौगोलिक रूप से कठिन इलाके के निवासियों को एक महत्वपूर्ण मंच प्रदान किया जहां वे वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों के सामने सीधे अपनी समस्याएं रख सके। इसके अलावा गुलाबगढ़ एसओजी और देवल पुलिस पोस्ट में सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा की गई। इसमें विशेष रूप से सुरक्षा इंतजामों और इलाके में तैनात बलों की तैयारियों पर ध्यान दिया गया।

एसएसपी ने पुलिसकर्मियों और जवानों से बातचीत की और उनके कल्याण, काम करने की परिस्थितियों, परिचालन संबंधी चुनौतियों, तथा दुर्गम और कठिन इलाकों में तैनाती के दौरान आने वाली कठिनाइयों के बारे में जानकारी ली। सुरक्षा समीक्षा के तहत तैनात कर्मियों के पास मौजूद हथियारों और गोला-बारूद की जांच की गई। इस दौरान उनकी कार्य-तत्परता, हथियारों और उपकरणों के उचित रखरखाव, सतर्कता और अनुशासन पर विशेष जोर दिया गया।

एसएसपी ने 'विलेज डिफेंस गार्ड' के सदस्यों से भी बातचीत की और दूर-दराज तथा संवेदनशील इलाकों में शांति और सुरक्षा बनाए रखने में उनके बहुमूल्य योगदान की सराहना की।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / राधा पंडिता