एसएसपी मोहिता शर्मा ने की सुरक्षा एवं अपराध समीक्षा बैठक, 60/90 दिनों में मामलों के निपटारे पर दिया जोर
कठुआ, 24 नवंबर (हि.स.)। एसएसपी कठुआ मोहित शर्मा ने सोमवार को जिला पुलिस मुख्यालय कठुआ के कॉन्फ्रेंस हॉल में सुरक्षा एवं अपराध समीक्षा बैठक आयोजित कर जिले में कानून-व्यवस्था और सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया। बैठक में अतिरिक्त एसपी, एसपी ऑपरेशन कठुआ, एसपी ऑपरेशन अपर कठुआ सहित सभी पर्यवेक्षण अधिकारी और निचले व ऊपरी कठुआ के थाना प्रभारी उपस्थित रहे।
बैठक में थानों में लंबित मामलों की समीक्षा करते हुए एसएसपी ने 60 और 90 दिनों की निर्धारित समयसीमा के भीतर मामलों का निपटारा सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने गंभीर अपराधों, एनडीपीएस, गोवंश तस्करी और अन्य आदतन अपराधों में संलिप्त आरोपियों की व्यक्तिगत फाइलें एवं हिस्ट्रीशीट तैयार कर नियमित रूप से अपडेट करने को कहा। साथ ही फरार अपराधियों, घोषित अपराधियों और लापता व्यक्तियों का पता लगाने के लिए विशेष टीमों के साथ समन्वय बढ़ाने पर जोर दिया। एनडीपीएस मामलों की जांच में तेजी लाने, समय पर चालान पेश करने और नशा तस्करों की संपत्ति कुर्क करने की कार्रवाई शुरू करने के निर्देश भी दिए गए। इसके अलावा ई-समन की समय पर तामील, लंबित इंक्वेस्ट मामलों के निपटारे और नए आपराधिक कानूनों के प्रभावी क्रियान्वयन की समीक्षा की गई।
सीमा सुरक्षा की समीक्षा के दौरान एसएसपी ने घुसपैठ के संभावित रास्तों पर कड़ी निगरानी रखने, ड्रोन गतिविधियों पर नजर रखने तथा पड़ोसी राज्यों की सुरक्षा एजेंसियों के साथ बेहतर तालमेल बनाने के निर्देश दिए। उन्होंने सीमावर्ती क्षेत्रों और अपर कठुआ में घेराबंदी एवं तलाशी अभियान तथा लंबी दूरी की गश्त तेज करने के साथ अंतरराज्यीय सीमाओं और राष्ट्रीय राजमार्गों पर संयुक्त नाके लगाकर वाहनों की सघन जांच करने पर भी जोर दिया ताकि राष्ट्रविरोधी तत्वों की गतिविधियों और ड्रोन के माध्यम से हथियार एवं नशीले पदार्थ गिराने जैसी घटनाओं को रोका जा सके। एसएसपी ने सभी अधिकारियों को सतर्कता, अनुशासन और जवाबदेही के साथ कार्य करने के निर्देश दिए। बैठक के अंत में अधिकारियों ने जारी दिशा-निर्देशों का प्रभावी ढंग से पालन करने का आश्वासन दिया।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / सचिन खजूरिया

