एसएसपी मोहिता शर्मा ने अपराध समीक्षा बैठक ली, थाना लखनपुर का किया निरीक्षण
कठुआ, 28 फरवरी (हि.स.)। जिले की वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक मोहिता शर्मा ने थाना लखनपुर में अपराध समीक्षा बैठक कर कानून-व्यवस्था की स्थिति और लंबित मामलों की प्रगति का जायजा लिया। बैठक में पुलिस अधिकारियों और जांच अधिकारियों को अपराधों की प्रभावी जांच और लंबित मामलों के शीघ्र निपटारे के निर्देश दिए गए।
एसएसपी ने विशेष रूप से एनडीपीएस एक्ट के तहत सख्त कार्रवाई, नशा तस्करी और गौ-तस्करी पर अंकुश लगाने तथा महिलाओं से जुड़े अपराधों में त्वरित एफआईआर दर्ज कर समयबद्ध जांच सुनिश्चित करने पर जोर दिया। उन्होंने फरार आरोपियों की गिरफ्तारी, लंबित वारंटों के निष्पादन और लापता व्यक्तियों की तलाश में तेजी लाने के निर्देश भी दिए।
निरीक्षण के दौरान एसएसपी ने थाना लखनपुर के मालखाना, महिला हेल्प डेस्क, सीसीटीएनएस, स्टोर और अन्य व्यवस्थाओं की जांच की तथा रिकॉर्ड के बेहतर रखरखाव के लिए पुलिस टीम की सराहना की। उन्होंने सामुदायिक पुलिसिंग को मजबूत करने के लिए नियमित पुलिस-जन संवाद बैठकों के आयोजन पर भी बल दिया।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / सचिन खजूरिया

