home page

अमरनाथ यात्रा के लिए सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा, सतर्क रहने के दिए आदेश

 | 

श्रीनगर, 30 अप्रैल(हि.स.)। अनंतनाग के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक आमोद अशोक नागपुरे ने गुरुवार को जुलाई के पहले सप्ताह से शुरू होने वाली वार्षिक अमरनाथ यात्रा के लिए किए जा रहे सुरक्षा उपायों और अन्य व्यवस्थाओं की समीक्षा की।

नागपुरे ने व्यवस्थाओं की समीक्षा करने और उन्हें अंतिम रूप देने के लिए अनंतनाग जिला पुलिस कार्यालय में एक उच्च स्तरीय बैठक की अध्यक्षता की। एक पुलिस प्रवक्ता ने कहा कि बैठक में वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों और अन्य संबंधित अधिकारियों ने भाग लिया। प्रवक्ता ने कहा कि 3 जुलाई से शुरू होने वाली अमर नाथ जी यात्रा 2026 के सुचारू और सुरक्षित संचालन को सुनिश्चित करने के लिए सुरक्षा, यातायात प्रबंधन, भीड़ नियंत्रण और अन्य संबंधित विभागों के साथ समन्वय के विभिन्न पहलुओं पर विस्तृत विचार-विमर्श किया गया।

अनंतनाग एसएसपी ने सभी हितधारकों के बीच मजबूत सुरक्षा उपायों और निर्बाध समन्वय बनाए रखने के महत्व पर जोर दिया। उन्होंने अधिकारियों को सतर्क रहने कर्मियों की उचित तैनाती सुनिश्चित करने और किसी भी आकस्मिक स्थिति से प्रभावी ढंग से निपटने के लिए संचार प्रणालियों को मजबूत करने का निर्देश दिया। तीर्थयात्रियों की सुरक्षा सुनिश्चित करने और उन्हें पूरी यात्रा अवधि के दौरान सभी आवश्यक सहायता प्रदान करने पर विशेष ध्यान दिया गया। प्रवक्ता ने कहा कि अधिकारियों को नियमित निरीक्षण करने, संवेदनशील बिंदुओं की पहचान करने और संभावित जोखिमों को कम करने के लिए सक्रिय उपाय करने का निर्देश दिया गया है।

---------------

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / राधा पंडिता