home page

श्रीनगर के ट्यूलिप गार्डन में पहले 15 दिनों में आए 1,77,869 विजिटर

 | 

श्रीनगर, 01 अप्रैल (हि.स.)। श्रीनगर के ट्यूलिप गार्डन में पहले 15 दिनों में 1,77,869 विजिटर आए। अधिकारियों का कहना है कि यह आखिरी गिनती नहीं है क्योंकि इसमें ऑनलाइन टिकट का डेटा शामिल नहीं है इसलिए असली गिनती इससे ज्यादा होने की संभावना है।

बागवानी विभाग के डेटा के अनुसार ये मौजूदा आंकड़े उपलब्ध ऑफलाइन टिकट रिकॉर्ड पर आधारित हैं। उनका कहना है कि पहले 15 दिनों में विजिटर की संख्या 1,77,869 रही। इसमें ऑनलाइन टिकट का डेटा शामिल नहीं है जिसे गार्डन बंद होने के बाद इकट्ठा किया जाएगा। इन विजिटर में स्थानीय लोग, घरेलू पर्यटक और विदेशी पर्यटक शामिल हैं, हालांकि इस बार उनकी अलग-अलग गिनती उपलब्ध नहीं थी।

अधिकारियों ने बताया कि गार्डन में विजिटर की संख्या लगातार बढ़ रही है और उन्हें उम्मीद है कि आने वाले दिनों में यह संख्या और बढ़ेगी क्योंकि ट्यूलिप के फूल अब पूरी तरह खिलने वाले हैं।

जबरवान पर्वतमाला की तलहटी में डल झील के किनारे स्थित एशिया के इस सबसे बड़े ट्यूलिप गार्डन में इस साल ट्यूलिप की लगभग 70-75 किस्में देखने को मिल रही हैं।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सुमन लता