home page

कश्मीर मैराथन में बच्चे को गोद में लेकर दौड़ने वाली महिला आकर्षण का केंद्र बनीं, केन्या के धावकों ओमोलो और हरपा ने फुल मैराथन का खिताब जीता

 | 

श्रीनगर, 25 अक्टूबर (हि.स.)।

रविवार को श्रीनगर में आयोजित 'कश्मीर इंटरनेशनल मैराथन' के तीसरे संस्करण में केन्या के धावकों कनाब कालोब ओमोलो और लेमेंसा हरपा ने क्रमशः पुरुष और महिला वर्ग में फुल मैराथन का खिताब जीता। हालांकि गुजरात की कुलसुम जो एक बच्चे को अपनी गोद में लेकर दौड़ीं, इस आयोजन का सबसे खास आकर्षण रहीं। एक और प्रतिभागी जिन्होंने सबका ध्यान खींचा, वे उत्तर प्रदेश के सहारनपुर के रहने वाले शिवम कुमार थे जो बिना दोनों हाथों के दौड़ रहे थे। '

जानकारी के अनुसार इन लोगों की भागीदारी ने इस खेल आयोजन में एक प्रेरणादायक पहलू जोड़ दिया। इस मैराथन में जम्मू-कश्मीर, देश के अन्य हिस्सों और विदेशों से आए धावकों ने हिस्सा लिया जो सहनशक्ति, फिटनेस और खेल भावना का जश्न मनाने के लिए एक साथ आए थे। पुरुषों की फुल मैराथन ओपन कैटेगरी में ओमोलो पहले स्थान पर रहे जबकि हेमिंगटन किनारो चेरुब दूसरे और जैकब काबाचोली तीसरे स्थान पर रहे।

महिलाओं की फुल मैराथन में हरपा पहले स्थान पर रहीं जबकि शेरिन जिमिलो दूसरे और मोनिका वानजोही तीसरे स्थान पर रहीं।

पुरुषों की हाफ मैराथन में लेमे तेशोंग लेमांतसो पहले स्थान पर रहे जबकि बार्को बायासा बाकाले दूसरे और सांबोल एरिक कांगुसो तीसरे स्थान पर रहे।

महिलाओं की हाफ मैराथन में अंकिता पहले स्थान पर रहीं, साहा डेसलिन अदाना दूसरे और हेलेन मोटिनो मेगोनोर तीसरे स्थान पर रहीं।

पुरुषों की फुल मैराथन की स्थानीय कैटेगरी में कुलबीर सिंह पहले स्थान पर रहे, जबकि वसीम अहमद डार दूसरे और राघव शर्मा तीसरे स्थान पर रहे। महिलाओं की लोकल फुल मैराथन श्रेणी में नेहा देवी पहले स्थान पर रहीं, जबकि दीक्षा दूसरे और सलमा बेदी तीसरे स्थान पर रहीं।

पुरुषों की लोकल हाफ मैराथन में मोहम्मद यासीन मीर पहले, रजित शर्मा दूसरे और परवीन कुमार तीसरे स्थान पर रहे। महिलाओं की लोकल हाफ मैराथन में कीर्ति देवी ने पहला स्थान हासिल किया, साक्षी ठाकुर दूसरे और शमशाद बानो तीसरे स्थान पर रहीं।

कश्मीर इंटरनेशनल मैराथन के तीसरे संस्करण में 42 किलोमीटर की फुल मैराथन और 21 किलोमीटर की हाफ मैराथन शामिल थी। इस आयोजन के लिए कुल 1,807 धावकों ने ऑनलाइन पंजीकरण कराया था जिनमें जम्मू-कश्मीर से 1,221 प्रतिभागी, देश के अन्य हिस्सों से 513 प्रतिभागी और 12 देशों का प्रतिनिधित्व करने वाले 73 विदेशी एथलीट शामिल थे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / बलवान सिंह