home page

श्रीनगर शहर में लगातार पांचवीं रात मौसम की रही सबसे ठंडी रात, तापमान शून्य से नीचे 2.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज

 | 

श्रीनगर, 28 नवंबर (हि.स.)। कश्मीर के तापमान में लगातार गिरावट जारी है। मौसम विभाग के अधिकारियों ने शनिवार को बताया कि श्रीनगर शहर में लगातार पांचवीं रात मौसम की सबसे ठंडी रात रही जहां तापमान शून्य से नीचे 2.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

शुक्रवार रात का न्यूनतम तापमान बुधवार रात के शून्य से नीचे 2 डिग्री सेल्सियस से मामूली रूप से कम रहा। घाटी के कई हिस्सों में घना कोहरा छाया रहा। कश्मीर में पहलगाम सबसे ठंडा स्थान रहा जहां न्यूनतम तापमान शून्य से नीचे 3.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया जो पिछली रात के शून्य से नीचे 2.8 डिग्री सेल्सियस से कम था।

अधिकारियों ने बताया कि दक्षिण कश्मीर में घाटी के प्रवेश द्वार माने जाने वाले काजीगुंड में न्यूनतम तापमान शून्य से नीचे 2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। उत्तरी कश्मीर के कुपवाडा में न्यूनतम तापमान शून्य से नीचे 1.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया और प्रसिद्ध स्की रिसॉर्ट गुलमर्ग में न्यूनतम तापमान 0.5 डिग्री सेल्सियस रहा।

मौसम विभाग ने इस महीने के अंत तक घाटी में मुख्य रूप से शुष्क मौसम का पूर्वानुमान लगाया है जिसमें रात के तापमान में और गिरावट की संभावना है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सुमन लता