केंद्रीय विश्वविद्यालय जम्मू में खगोल विज्ञान पर विशेष व्याख्यान, ‘मिल्की वे’ के रहस्यों पर हुई चर्चा
जम्मू, 04 अप्रैल (हि.स.)। जम्मू केंद्रीय विश्वविद्यालय के भौतिकी एवं खगोल विज्ञान विभाग द्वारा एक अकादमिक कार्यक्रम का सफल आयोजन किया गया, जिसमें “गैलेक्सी का केमिकल इवोल्यूशन, मिल्की वे – कुछ पहेलियाँ” विषय पर विशेष व्याख्यान प्रस्तुत किया गया। यह व्याख्यान प्रख्यात खगोल वैज्ञानिक प्रो. बाचम ईश्वर रेड्डी द्वारा दिया गया जो आईआईटी जम्मू में डीन रह चुके हैं और भारतीय खगोल भौतिकी संस्थान के पूर्व निदेशक भी रहे हैं। उन्होंने ‘मिल्की वे’ गैलेक्सी के निर्माण, रासायनिक विकास और तारों की उत्पत्ति से जुड़े महत्वपूर्ण पहलुओं पर विस्तार से जानकारी दी। साथ ही उन्होंने न्यूक्लियोसिंथेसिस, तारकीय आबादी और गैलेक्सी के विकास से जुड़े अनसुलझे प्रश्नों और हालिया शोध प्रगति पर भी प्रकाश डाला।
यह कार्यक्रम कुलपति प्रो. संजीव जैन के मार्गदर्शन में आयोजित किया गया जिनकी पहल से विश्वविद्यालय में अकादमिक उत्कृष्टता को बढ़ावा मिल रहा है। कार्यक्रम का संचालन प्रो. वंदना शर्मा के संयोजन में हुआ जबकि विभागाध्यक्ष प्रो. विनय कुमार ने आयोजन में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। कार्यक्रम का संचालन डॉ. ओंकार नाथ वर्मा ने प्रभावी ढंग से किया जिससे संवादात्मक माहौल बना रहा। इस अवसर पर शिक्षक, शोधार्थी और विद्यार्थियों ने सक्रिय भागीदारी निभाई। अंत में प्रश्नोत्तर सत्र के साथ कार्यक्रम का समापन हुआ जिसमें प्रतिभागियों ने खगोल विज्ञान के समकालीन विषयों पर गहरी रुचि दिखाई।
हिन्दुस्थान समाचार / राहुल शर्मा

