home page

तिरुपति बालाजी मंदिर जम्मू में विशेष अभिषेक, देश की खुशहाली के लिए की प्रार्थना

 | 
तिरुपति बालाजी मंदिर जम्मू में विशेष अभिषेक, देश की खुशहाली के लिए की प्रार्थना


जम्मू, 15 मई (हि.स.)। जम्मू के माजीन स्थित श्री वेंकटेश्वर स्वामी मंदिर (तिरुपति बालाजी मंदिर) में शुक्रवार को विशेष अभिषेक समारोह आयोजित किया गया। इस दौरान सामाजिक कार्यकर्ता गौरव कपूर, दिव्या कपूर, राजू जंड्याल, मंदिर निरीक्षक साई कृष्णा और किरण ने मंदिर में पूजा-अर्चना कर देश की खुशहाली और समृद्धि के लिए प्रार्थना की। हर शुक्रवार को भगवान वेंकटेश्वर का विशेष अभिषेक किया जाता है जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल होते हैं।

गौरव कपूर ने कहा कि जम्मू में तिरुपति बालाजी मंदिर की स्थापना लोगों के लिए गर्व और खुशी की बात है। उन्होंने कहा कि इस मंदिर के माध्यम से जम्मू के लोग दक्षिण भारत की संस्कृति और परंपराओं को करीब से देख पा रहे हैं। उन्होंने लोगों से मंदिर में आकर दर्शन करने की अपील करते हुए कहा कि यह मंदिर आध्यात्मिक पर्यटन को बढ़ावा देगा।

दिव्या कपूर ने अपने अनुभव साझा करते हुए कहा कि शिवालिक पहाड़ियों के बीच स्थित यह मंदिर बेहद दिव्य और शांतिपूर्ण वातावरण प्रदान करता है। उन्होंने कहा कि जो श्रद्धालु आंध्र प्रदेश स्थित तिरुपति बालाजी मंदिर नहीं जा सकते, वे जम्मू के इस मंदिर में आकर भगवान वेंकटेश्वर स्वामी के दर्शन कर आशीर्वाद प्राप्त कर सकते हैं। मंदिर निरीक्षक साई कृष्णा ने कहा कि आगामी अमरनाथ यात्रा के दौरान जम्मू आने वाले श्रद्धालुओं को भी तिरुपति बालाजी मंदिर लाया जाना चाहिए।

उन्होंने प्रशासन और स्मार्ट सिटी सीईओ से अपील की कि मंदिर को शहर के दर्शनीय स्थलों की सूची में शामिल किया जाए तथा स्मार्ट सिटी ई-बस सेवा मंदिर तक चलाई जाए।

इस अवसर पर वेद पंडित अमित शुक्ला, अर्चका पंडित रवि तेजा भट्टाचार्य, पंडित सूर्य प्रकाश द्विवेदी और पंडित गौतम पांडे सहित अन्य श्रद्धालु भी उपस्थित रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / राहुल शर्मा