सोपोर में छात्रा के उत्पीड़न के आरोप के बाद लेक्चरर निलंबित, मामला दर्ज
श्रीनगर, 13 अप्रैल (हि.स.)। उत्तरी कश्मीर के सोपोर कस्बे में तैनात एक वरिष्ठ लेक्चरर के खिलाफ एक छात्रा द्वारा उत्पीड़न का आरोप लगाए जाने के बाद पुलिस में मामला दर्ज किया गया है। शिक्षक को निलंबित कर दिया गया है और मामले की जांच के आदेश दिए गए हैं।
सोपोर के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक इफ्तिखार तालिब ने बताया कि छात्रा के आरोपों के बाद शिक्षक के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। इस बीच कश्मीर स्कूल शिक्षा निदेशालय ने लेक्चरर को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है और उनके आचरण की जांच के आदेश भी दे दिए हैं। उत्तर के संयुक्त निदेशक को समयबद्ध जांच करने के लिए जांच अधिकारी नियुक्त किया गया है और उन्हें 15 दिनों के भीतर रिपोर्ट प्रस्तुत करने का निर्देश दिया गया है।
आरोपों के बाद छात्रों ने सोपोर कस्बे में लेक्चरर के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग करते हुए विरोध प्रदर्शन किया।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / सुमन लता

