home page

एसएमवीडीयू की 39वीं एकेडमिक काउंसिल बैठक में नए कोर्स शुरू करने पर मुहर

 | 
एसएमवीडीयू की 39वीं एकेडमिक काउंसिल बैठक में नए कोर्स शुरू करने पर मुहर


जम्मू, 20 मार्च (हि.स.)। श्री माता वैष्णो देवी विश्वविद्यालय (एसएमवीडीयू) में 39वीं एकेडमिक काउंसिल बैठक कुलपति प्रो. प्रगति कुमार की अध्यक्षता में आयोजित की गई जिसमें विश्वविद्यालय के शैक्षणिक ढांचे को सशक्त बनाने और नए पाठ्यक्रमों के विस्तार को लेकर महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए। बैठक में सभी डीन, विभागाध्यक्ष, रजिस्ट्रार, वित्त अधिकारी सहित विभिन्न इकाइयों के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे। बैठक की शुरुआत कुलपति के स्वागत संबोधन से हुई, जिसके बाद डीन एकेडमिक अफेयर्स प्रो. बलबीर सिंह और एसोसिएट डीन डॉ. शफाक रसूल ने एजेंडा प्रस्तुत किया।

इस बैठक की मुख्य विशेषता विश्वविद्यालय के शैक्षणिक दायरे को बढ़ाने के लिए नए कोर्स शुरू करने के प्रस्ताव रहे। काउंसिल ने शैक्षणिक सत्र 2026-27 से पांच वर्षीय इंटीग्रेटेड बी.ए., एलएल.बी. (ऑनर्स) कार्यक्रम शुरू करने पर विचार किया जिससे छात्रों को कानून और सामाजिक विज्ञानों में मजबूत आधार मिलेगा। इसके साथ ही बी.टेक. फूड टेक्नोलॉजी, बी.एससी. (ऑनर्स) केमिस्ट्री और पीजी डिप्लोमा इन सस्टेनेबल एनर्जी मैनेजमेंट जैसे कोर्स भी प्रस्तावित किए गए।

इसके अलावा सेंटर फॉर इनोवेशन, इमर्जिंग स्किल्स एंड एंटरप्रेन्योरशिप डेवलपमेंट के तहत कौशल आधारित कार्यक्रम शुरू करने पर भी चर्चा हुई जिससे छात्रों को उद्योग की जरूरतों के अनुरूप प्रशिक्षण मिल सके और रोजगार के अवसर बढ़ें। बैठक में नई शिक्षा नीति के क्रियान्वयन, इंटरडिसिप्लिनरी लर्निंग, स्किल डेवलपमेंट और इंडस्ट्री सहयोग की प्रगति की भी समीक्षा की गई। साथ ही भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान जम्मू के साथ संयुक्त पीएचडी कार्यक्रम को सराहनीय पहल बताते हुए अनुसंधान सहयोग को और मजबूत करने पर जोर दिया गया।

बैठक का समापन विभिन्न शैक्षणिक और प्रशासनिक विषयों पर व्यापक विचार-विमर्श के साथ हुआ जिसमें विश्वविद्यालय के समग्र विकास के प्रति सभी सदस्यों की प्रतिबद्धता स्पष्ट रूप से दिखाई दी।

हिन्दुस्थान समाचार / राहुल शर्मा