home page

भगवान परशुराम जयंती शोभायात्रा के सफल आयोजन पर श्री ब्राह्मण सभा कठुआ ने जताया आभार -भगवान परशुराम चाैक पर शस्त्र चिन्ह स्थापना को बताया गौरव

 | 
भगवान परशुराम जयंती शोभायात्रा के सफल आयोजन पर श्री ब्राह्मण सभा कठुआ ने जताया आभार -भगवान परशुराम चाैक पर शस्त्र चिन्ह स्थापना को बताया गौरव


कठुआ, 03 मई (हि.स.)। श्री ब्राह्मण सभा कठुआ की ओर से रविवार को एक पत्रकार वार्ता का आयोजन किया गया जिसमें हाल ही में मनाई गई भगवान परशुराम जयंती के अवसर पर निकाली गई भव्य शोभायात्रा की सफलता पर सभी सहयोगियों का आभार व्यक्त किया गया।

सभा के अध्यक्ष सुरेंद्र मेहता की अध्यक्षता में आयोजित इस वार्ता में समिति के पदाधिकारियों ने सात दिवसीय भगवान श्री परशुराम महोत्सव के सफल आयोजन के लिए श्रद्धालुओं, मातृ शक्ति, बुजुर्गों और बच्चों का विशेष धन्यवाद किया। उन्होंने बताया कि कथा वाचक कुलदीप शास्त्री जी महाराज के प्रवचनों को सुनने के लिए बड़ी संख्या में लोग प्रतिदिन सभा प्रांगण में पहुंचते रहे, जिससे कार्यक्रम की गरिमा और बढ़ी। अध्यक्ष ने शोभायात्रा को सफल बनाने में जिला प्रशासन, पुलिस प्रशासन, जसरोटा विधायक राजीव जसरोटिया, धर्म प्रेमियों, युवाओं और विशेष रूप से मातृ शक्ति के योगदान की सराहना की। उन्होंने उन लोगों का भी आभार जताया जिन्होंने यात्रा के दौरान जगह-जगह स्टॉल लगाकर गर्मी में शामिल श्रद्धालुओं के लिए पानी व खाद्य सामग्री की व्यवस्था की। इसके अलावा, शोभायात्रा में शामिल विभिन्न स्कूलों और संगठनों का भी धन्यवाद किया गया, जिनकी बसों और सहयोग से कार्यक्रम और भव्य बना।

इस अवसर पर जम्मू-कश्मीर के उपराज्यपाल मनोज सिन्हा, उपायुक्त कठुआ, मंत्री सतीश शर्मा, विधायक राजीव जसरोटिया का भी विशेष आभार व्यक्त किया गया। अध्यक्ष ने बताया कि उनके सहयोग से कठुआ के परशुराम चाैक पर भगवान परशुराम के शस्त्र चिन्ह की स्थापना का शिलान्यास किया गया है, जो जिले के लिए गौरव की बात है। उन्होंने कहा कि जम्मू-कश्मीर में यह अपनी तरह का पहला चैक होगा, जहां भगवान परशुराम के शस्त्र चिन्ह स्थापित किए जाएंगे। अंत में उन्होंने कहा कि ब्राह्मण समाज के पूर्वजों के आशीर्वाद और समाज के सहयोग से यह कार्य शुरू हुआ है और जल्द ही पूरा कर लिया जाएगा, जिससे कठुआ शहर को एक नई पहचान मिलेगी। इस मौके पर इंद्रेश्वर शर्मा, अनिल शर्मा, बालकृष्ण शर्मा, मनुज केसर, सचिन खजुरिया, दीपक पराशर, सुभाष शर्मा, अशोक शर्मा, दर्शन शर्मा, प्रो शुभकरण, शशिपाल शर्मा सहित ब्राह्मण समाज के कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सचिन खजूरिया