ओल्ड बस स्टैंड में दुकानदार विधायक युद्धवीर सेठी के समर्थन में उतरे
जम्मू,, 24 जून (हि.स.)।
जम्मू के ओल्ड बस स्टैंड क्षेत्र में तारबंदी को लेकर शुरू हुआ विवाद अब राजनीतिक और सामाजिक बहस का विषय बन गया है। भाजपा विधायक युद्धवीर सेठी द्वारा दुकानदारों के साथ मिलकर लगाई गई तारबंदी को हटाने के बाद कुछ लोगों ने उनके विरोध में पुतला दहन किया था। हालांकि इस घटनाक्रम के अगले दिन स्थानीय दुकानदार विधायक के समर्थन में खुलकर सामने आए और विरोध प्रदर्शन करते हुए पुतला जलाने वालों की कड़ी आलोचना की।
दुकानदारों का कहना है कि विधायक युद्धवीर सेठी ने जो कदम उठाया वह व्यापारियों और आम लोगों के हित में था।
उनका आरोप है कि तारबंदी के कारण दुकानदारों के कारोबार पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ रहा था और लोगों को भी आवाजाही में परेशानी का सामना करना पड़ रहा था। ऐसे में विधायक ने जनता और व्यापारियों की समस्याओं को देखते हुए हस्तक्षेप किया।
प्रदर्शन के दौरान दुकानदारों ने विधायक के समर्थन में नारेबाजी की और पुतला जलाने वालों को राष्ट्र विरोधी तत्व बताते हुए उनके खिलाफ कार्रवाई की मांग की। उनका कहना था कि जनहित के मुद्दे पर काम करने वाले जनप्रतिनिधि का विरोध करना उचित नहीं है।
दुकानदारों ने कहा कि वे विधायक के साथ खड़े हैं और क्षेत्र के व्यापारिक हितों की रक्षा के लिए किए गए उनके प्रयासों का समर्थन करते हैं। इस पूरे घटनाक्रम के बाद ओल्ड बस स्टैंड क्षेत्र में राजनीतिक माहौल गर्म बना हुआ है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / अश्वनी गुप्ता

