परेड सब्जी मंडी में बुलडोजर कार्रवाई के विरोध में दुकानदारों का प्रदर्शन
जम्मू,, 10 अगस्त (हि.स.)।
जम्मू के परेड सब्जी मंडी में कल हुई जम्मू म्युनिसिपल कॉरपोरेशन की अतिक्रमण विरोधी कार्रवाई के विरोध में आज बड़ी संख्या में दुकानदारों और रेहड़ी-फड़ी वालों ने प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारियों ने नगर निगम के खिलाफ नारेबाजी करते हुए कार्रवाई के दौरान हुए नुकसान का मुआवजा देने की मांग उठाई।
दुकानदारों का कहना है कि बुलडोजर कार्रवाई के दौरान कई दुकानों को नुकसान पहुंचा और अंदर रखा सामान भी प्रभावित हुआ जिससे उन्हें भारी आर्थिक नुकसान उठाना पड़ा है। प्रदर्शनकारियों के अनुसार इन दुकानों और रेहड़ी-फड़ियों से ही उनके परिवारों की रोजी-रोटी चलती है ऐसे में अचानक हुई कार्रवाई से उनके सामने आर्थिक संकट खड़ा हो गया है।
प्रदर्शनकारियों ने आरोप लगाया कि यदि कार्रवाई से पहले उन्हें पर्याप्त सूचना दी जाती तो वे अपना सामान सुरक्षित निकाल सकते थे और नुकसान को कम किया जा सकता था। उन्होंने नगर निगम प्रशासन से नुकसान का उचित आकलन करवाने और प्रभावित दुकानदारों एवं रेहड़ी-फड़ी वालों को मुआवजा देने की मांग की।
दुकानदारों और रेहड़ी-फड़ी वालों ने यह भी कहा कि वे अतिक्रमण और शहर की व्यवस्था से जुड़े प्रशासनिक नियमों के खिलाफ नहीं हैं लेकिन कार्रवाई के दौरान उनकी आजीविका और सामान को हुए नुकसान का समाधान किया जाना चाहिए।
प्रदर्शनकारियों ने प्रशासन से मांग की कि मामले में उनकी बात सुनी जाए और प्रभावित लोगों के लिए उचित राहत का प्रबंध किया जाए। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि उनकी मांगों पर जल्द गौर नहीं किया गया तो वे अपने आंदोलन को आगे बढ़ाने पर मजबूर होंगे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / अश्वनी गुप्ता

