शिवसेना का शहीदी दिवस पर युवाओं को नशे से दूर रहने व राष्ट्र निर्माण का आह्वान
जम्मू, 23 मार्च (हि.स.)।
शहीदी दिवस के अवसर पर शिवसेना (यूबीटी) जम्मू-कश्मीर इकाई द्वारा महान स्वतंत्रता सेनानियों भगत सिंह, राजगुरु एवं सुखदेव को भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पत की गई।
पार्टी के प्रदेश मध्यवर्ती कार्यालय में आयोजित कार्यक्रम के दौरान प्रदेश प्रमुख मनीश साहनी ने कहा कि इन वीर सपूतों का बलिदान देश के इतिहास में स्वर्ण अक्षरों में अंकित है। उन्होंने अपनी जवानी और सपनों का बलिदान देकर अंग्रेजी हुकूमत की नींव हिला दी और भारत की आज़ादी में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
साहनी ने कहा कि इन क्रांतिकारियों का त्याग, साहस और देशभक्ति आज भी हर भारतीय के लिए प्रेरणा स्रोत है। उन्होंने युवाओं से आह्वान किया कि वे केवल श्रद्धांजलि तक सीमित न रहें बल्कि इन महान वीरों के आदर्शों को अपने जीवन में उतारते हुए एक मजबूत, आत्मनिर्भर और राष्ट्रभक्ति से ओत-प्रोत भारत के निर्माण का संकल्प लें।
जम्मू-कश्मीर के वर्तमान हालात पर चिंता व्यक्त करते हुए उन्होंने कहा कि बढ़ती बेरोजगारी, नशे की प्रवृत्ति और युवाओं का भटकाव गंभीर चुनौती बनते जा रहे हैं। “जिस युवा के हाथों में तिरंगा होना चाहिए आज वही नशे की गिरफ्त में फंसता जा रहा है।
साहनी ने युवाओं को विशेष रूप से नशे से दूर रहने अपनी ऊर्जा को सकारात्मक दिशा में लगाने और राष्ट्र निर्माण में सक्रिय भागीदारी निभाने का संदेश दिया।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / रमेश गुप्ता

