home page

जीडीसी मढ़हीन में शी-बॉक्स जागरूकता कार्यक्रम आयोजित, कार्यस्थल सुरक्षा व शिकायत प्रणाली पर दी जानकारी

 | 
जीडीसी मढ़हीन में शी-बॉक्स जागरूकता कार्यक्रम आयोजित, कार्यस्थल सुरक्षा व शिकायत प्रणाली पर दी जानकारी


कठुआ, 02 मई (हि.स.)। जीडीसी मढ़हीन में शी-बॉक्स कमेटी द्वारा एक दिवसीय जागरूकता कार्यक्रम का सफल आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य कर्मचारियों और हितधारकों को कार्यस्थल पर सुरक्षा, सम्मानजनक वातावरण और शिकायत निवारण तंत्र के प्रति जागरूक करना था।

इस कार्यक्रम में यौन उत्पीड़न इलेक्ट्रॉनिक बॉक्स के माध्यम से यौन उत्पीड़न से संबंधित शिकायत दर्ज करने और उसकी प्रक्रिया की विस्तृत जानकारी दी गई। साथ ही प्रतिभागियों को यह भी बताया गया कि वे ऑनलाइन पोर्टल के जरिए अपनी शिकायत की स्थिति को कैसे ट्रैक कर सकते हैं। कार्यक्रम का आयोजन कॉलेज की प्राचार्य अनुपमा गुप्ता के संरक्षण में किया गया। सत्र के दौरान डॉ. मुनिशा देवी (कन्वीनर, शी-बाक्स और प्रो. अनूप शर्मा ने पोर्टल पर शिकायत दर्ज करने की प्रक्रिया का व्यावहारिक प्रदर्शन किया।

प्रतिभागियों को कार्यस्थल पर महिलाओं के यौन उत्पीड़न (रोकथाम, निषेध और निवारण) अधिनियम, 2013 के कानूनी प्रावधानों और आंतरिक शिकायत समितियों की भूमिका के बारे में भी जानकारी दी गई। इंटरैक्टिव चर्चा और प्रश्नोत्तर सत्र के माध्यम से प्रतिभागियों ने अपनी शंकाओं का समाधान किया और अपने अधिकारों व जिम्मेदारियों को बेहतर ढंग से समझा। कार्यक्रम के दौरान कार्यस्थल पर उत्पीड़न जैसी समस्याओं के समाधान और रोकथाम के लिए सुझाव भी साझा किए गए। इस अवसर पर डॉ. शालू रानी, प्रो. मनु सैनी, डॉ. रीमी वर्मा और डॉ. प्रीति खजूरिया सहित अन्य संकाय सदस्य भी उपस्थित रहे। यह कार्यक्रम कार्यस्थल पर सुरक्षित माहौल सुनिश्चित करने, पारदर्शिता बढ़ाने और शिकायतों के त्वरित निस्तारण की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल साबित हुआ।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सचिन खजूरिया