home page

शारदीय नवरात्र 11 अक्टूबर से, मां के जयकारों से गूंजेंगे कठुआ के मंदिर, रामलीलाओं के मंच भी तैयार

 | 
शारदीय नवरात्र 11 अक्टूबर से, मां के जयकारों से गूंजेंगे कठुआ के मंदिर, रामलीलाओं के मंच भी तैयार


कठुआ, 10 अक्टूबर (हि.स.)। शारदीय नवरात्र के आगमन के साथ ही कठुआ जिले में धार्मिक उत्सवों की रौनक बढ़ गई है। रविवार 11 अक्टूबर से शुरू हो रहे नवरात्र को लेकर जिले के प्रमुख मंदिरों में तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। वहीं पहले नवरात्र से ही विभिन्न स्थानों पर रामलीलाओं का मंचन भी शुरू होगा। मंदिरों में श्रद्धालुओं की संभावित भीड़ को देखते हुए जिला प्रशासन और पुलिस ने सुरक्षा व्यवस्था के साथ-साथ आवश्यक सुविधाएं सुनिश्चित करने के लिए संबंधित विभागों को निर्देश जारी किए हैं।

जिले के प्रसिद्ध जसरोटा माता मंदिर, बाला सुंदरी मंदिर, सुकराला माता मंदिर और बसोहली के जोड़ियां माता मंदिर सहित अन्य धार्मिक स्थलों पर नवरात्र को लेकर विशेष तैयारियां की गई हैं। मंदिर परिसरों की व्यवस्था, श्रद्धालुओं की आवाजाही और अन्य आवश्यक सुविधाओं को लेकर संबंधित समितियां सक्रिय हैं। नवरात्र के पहले दिन से ही इन मंदिरों में श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ने की संभावना है।

बनी-बसोहली क्षेत्र के प्रसिद्ध जोड़ियां माता मंदिर में दर्शन के लिए बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचते हैं। मंदिर तक पहुंचने के लिए करीब 10 से 12 किलोमीटर का पैदल रास्ता तय करना पड़ता है। ऐसे में श्रद्धालुओं की सुविधा को ध्यान में रखते हुए लंगर कमेटी ने लंगर की व्यवस्था पूरी कर ली है। पुलिस प्रशासन की ओर से भी सुरक्षा प्रबंध किए गए हैं ताकि श्रद्धालुओं को यात्रा और दर्शन के दौरान किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े।

नवरात्र के साथ जिले में रामलीला मंचन की परंपरा भी शुरू होने जा रही है।

कठुआ शहर के रामलीला मैदान, हीरानगर, बिलावर, बसोहली तथा विभिन्न तहसीलों और उपमंडलों में रामलीला मंच तैयार हो चुके हैं। पहले नवरात्र से कलाकार भगवान श्रीराम के जीवन पर आधारित प्रसंगों का मंचन करेंगे। इससे जिले के शहरी और ग्रामीण क्षेत्रों में धार्मिक एवं सांस्कृतिक गतिविधियां तेज होंगी। शनिवार को पितृपक्ष के अंतिम दिन के साथ ही नवरात्र की तैयारियों ने जोर पकड़ लिया। बाजारों में लोगों की चहल-पहल बढ़ी रही और श्रद्धालु पूजा सामग्री, चुनरी, नारियल, फल तथा अन्य आवश्यक सामान खरीदते नजर आए। नवरात्र को लेकर लोगों में खासा उत्साह देखने को मिला। नवरात्र के दौरान मंदिरों में दर्शन, धार्मिक अनुष्ठानों और रामलीलाओं के आयोजन से पूरा जिला भक्तिमय माहौल में सराबोर रहने की उम्मीद है। प्रशासन, पुलिस और मंदिर समितियों की तैयारियों के बीच अब श्रद्धालुओं को मां के दर्शन और धार्मिक आयोजनों का इंतजार है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सचिन खजूरिया