home page

विधायक मोहन भगत ने मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला से मुलाकात कर विधानसभा क्षेत्र से जुड़े विकासात्मक और जनहित के मुद्दों पर की चर्चा

 | 


जम्मू, 14 अगस्त (हि.स.)। अखनूर के विधायक मोहन लाल भगत ने शुक्रवार को मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला से मुलाकात कर विधानसभा क्षेत्र से जुड़े विकासात्मक और जनहित के मुद्दों पर चर्चा की। विधायक ने क्षेत्र की मौजूदा जरूरतों के साथ भविष्य की आवश्यकताओं को ध्यान में रखते हुए आधारभूत ढांचे को मजबूत करने की मांग मुख्यमंत्री के समक्ष रखी।

बैठक में बिजली संकट का मुद्दा प्रमुखता से उठाया गया। विधायक ने बताया कि हाल में अखनूर विधानसभा क्षेत्र में करीब 36 घंटे तक बिजली संकट रहा जबकि कई इलाकों में 24 घंटे में 14 घंटे से अधिक की निर्धारित और अघोषित कटौती हो रही है। उन्होंने वर्तमान और भविष्य के लोड को देखते हुए बिजली ढांचे के विस्तार की मांग की। इसमें 2024 में बर्न पावर ग्रिड में खराबी के बाद अस्थायी रूप से अखनूर ग्रिड से जोड़े गए कालाकोट लोड को वापस स्थानांतरित करने, सुंगल क्षेत्र की आपूर्ति मजबूत करने, दसकाल में 10 एमवीए रिसीविंग स्टेशन स्थापित करने, गढ़खाल-पर्गवाल में क्षतिग्रस्त ढांचे को मजबूत करने तथा जेई और लाइनमैन की कमी दूर करने की मांग शामिल रही। तकनीकी रूप से संभव होने पर जोड़ियां रिसीविंग स्टेशन को कलीठ स्थानांतरित करने का मुद्दा भी उठाया गया।

विधायक ने चिनाब नदी में बाढ़ और कटाव की समस्या के स्थायी समाधान के लिए व्यापक चिनाब तटबंध और रिवर ट्रेनिंग परियोजना तैयार करने की मांग की। उन्होंने गढ़खाल, पर्गवाल, मायरा और गुराह समेत संवेदनशील क्षेत्रों में तटबंध, रिवेटमेंट, स्टड और स्पर बनाने तथा तकनीकी रूप से संभव स्थानों पर चैनलाइजेशन की मांग रखी। निरदोष चौक में मल्टी स्टोरी पार्किंग के लिए भूमि हस्तांतरण का मुद्दा भी मुख्यमंत्री के समक्ष रखा गया।

विधायक ने बताया कि नगर समिति अखनूर ने सिंचाई विभाग के अधीन उपयुक्त सरकारी भूमि चिह्नित कर प्रस्ताव भेजा है। उन्होंने भूमि हस्तांतरण की प्रक्रिया में हस्तक्षेप कर परियोजना को मंजूरी दिलाने का आग्रह किया। मोहन लाल भगत ने अखनूर मिनी सचिवालय का निर्माण शीघ्र पूरा कर उसे चालू करने की मांग भी की। उन्होंने बताया कि परियोजना की अनुमानित लागत करीब नौ करोड़ रुपये है जिसमें लगभग 4.35 करोड़ रुपये खर्च हो चुके हैं। शेष राशि जारी कर निर्माण कार्य पूरा करने का आग्रह किया गया।

इसके अलावा अखनूर को हेरिटेज एवं धार्मिक पर्यटन केंद्र के रूप में विकसित करने के लिए व्यापक पर्यटन मास्टर प्लान तैयार करने तथा गुराह पत्तन से गुरहा ब्राह्मणा तक चिनाब पर पुल के लिए डीपीआर और व्यवहार्यता अध्ययन कराने की मांग की गई। विधायक ने कहा कि यह पुल अखनूर, खौड़ और पर्गवाल उपमंडलों की कनेक्टिविटी मजबूत करने के साथ राजौरी-पुंछ मार्ग, रक्षा वाहनों और भारी यातायात के लिए भी महत्वपूर्ण होगा। मुख्यमंत्री ने विधायक द्वारा उठाए गए मुद्दों को गंभीरता से सुना और संबंधित विभागों के माध्यम से आवश्यक कार्रवाई का आश्वासन दिया।

हिन्दुस्थान समाचार / राहुल शर्मा