श्रीनगर के उपायुक्त कार्यालय में कार्यरत एक पूर्व नाज़िर (वरिष्ठ प्रशासनिक क्लर्क) की कई अचल संपत्तियों को आय से अधिक संपत्ति मामले में किया गया जब्त
श्रीनगर, 27 जून (हि.स.)। जम्मू-कश्मीर भ्रष्टाचार विरोधी ब्यूरो (एसीबी) ने शनिवार को श्रीनगर के उपायुक्त कार्यालय में कार्यरत एक पूर्व नाज़िर (वरिष्ठ प्रशासनिक क्लर्क) की कई अचल संपत्तियों को आय से अधिक संपत्ति के मामले में जब्त कर लिया। श्रीनगर के फिरदौसाबाद बटमालू निवासी इम्तियाज़ अहमद भट की कई अचल संपत्तियों की कुर्की श्रीनगर के एसीबी पुलिस स्टेशन में दर्ज 2025 की एफआईआर के संबंध में की गई है। गुप्त सत्यापन के बाद यह कार्रवाई की गई जिसमें उन पर आय के ज्ञात स्रोतों से अधिक संपत्ति अर्जित करने का आरोप लगाया गया था।
जब्त की गई संपत्तियों में फिरदौसाबाद बटमालू स्थित एक आवासीय मकान, नंबल नौगाम में उनकी पत्नी और बेटी के नाम पर पंजीकृत तीन भूखंड और जांच के दौरान जब्त किए गए लगभग 1,266 ग्राम सोने के आभूषण शामिल हैं। एसीबी के अनुसार भट को जांच के दौरान गिरफ्तार किया गया था और वर्तमान में वह अदालत के आदेश पर जमानत पर हैं।
एसीबी ने बताया कि जांच में पता चला है कि लोक सेवक ने अपनी वैध आय से अधिक चल और अचल संपत्ति जमा कर रखी थी। सक्षम प्राधिकारी से अनुमोदन प्राप्त होने के बाद पुलिस उपाधीक्षकों के नेतृत्व में दो टीमों ने कानूनी औपचारिकताएं पूरी करने के बाद बटमालू और नौगाम स्थित संपत्तियों को जब्त कर लिया। जब्त की गई संपत्तियों पर साइनबोर्ड लगा दिए गए हैं और एसीबी ने जनता को सलाह दी है कि वे जब्त की गई संपत्तियों से संबंधित कोई भी खरीद या लेनदेन न करें।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / सुमन लता

