जम्मू-कश्मीर के कठुआ में संभावित आतंकी हलचल के बाद तलाशी अभियान शुरू
जम्मू, 13 अप्रैल (हि.स.)। अधिकारियों ने कहा कि सुरक्षा बलों ने सोमवार को संदिग्ध आतंकवादियों की संदिग्ध गतिविधि की सूचना के बाद कठुआ जिले के राजबाग और रामकोटे के कई सीमावर्ती इलाकों में तलाशी अभियान शुरू किया।
अधिकारियों ने बताया कि आज सुबह सोफेन गांव से राजबाग इलाके में अंबनॉल जंगल की ओर दो हथियारबंद व्यक्तियों की संदिग्ध गतिविधि की सूचना मिली जिनके पास भारी बैग भी था। उन्होंने बताया कि सूचना मिलने के तुरंत बाद सेना और सीआरपीएफ की सहायता से पुलिस ने तलाशी एवं घेराबंदी अभियान शुरू कर दिया जो अंतिम रिपोर्ट मिलने तक जारी था लेकिन संदिग्ध आतंकवादियों का कोई पता नहीं चला। पिछले साल मार्च में सोफ़ेन जंगल में गोलीबारी में चार पुलिसकर्मी और पाकिस्तान स्थित जैश-ए-मोहम्मद (जेईएम) संगठन के दो आतंकवादी मारे गए थे। इस क्षेत्र का उपयोग आतंकवादी अंतरराष्ट्रीय सीमा पार से घुसपैठ करने के बाद भीतरी इलाकों की ओर जाने के लिए कर रहे हैं। अधिकारियों ने बताया कि सीआरपीएफ के साथ स्थानीय पुलिस के विशेष अभियान समूह ने भी दोपहर करीब 12.15 बजे कठुआ के रामकोट सेक्टर में पंजतीर्थी, भीनी नाला, बरोटा, अग्लीधार और आसपास के इलाकों में तलाशी अभियान चलाया।
इस बीच अधिकारियों ने कहा कि पुलिस और सेना पास के सांबा जिले के सिडको वन क्षेत्र में दूसरे दिन भी तलाशी जारी रखे हुए है, जो रविवार तड़के दो संदिग्ध व्यक्तियों को अंधेरे की आड़ में घूमते हुए देखे जाने के बाद शुरू की गई थी।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / बलवान सिंह

