home page

रियासी और रामबन में भूस्खलन और पत्थर गिरने की घटनाओं पर एसडीआरएफ, पुलिस और प्रशासन ने की त्वरित कार्रवाई

 | 

जम्मू, 25 जुलाई (हि.स.)।रियासी और रामबन जिलों में भूस्खलन और पत्थर गिरने की घटनाओं पर एसडीआरएफ, पुलिस और प्रशासन ने त्वरित कार्रवाई की जिससे स्थानीय लोगों की सुरक्षा को सुनिश्चित किया जा सका।

रियासी जिला के महोर में सेना क्षेत्र के पास हुए भूस्खलन से 3-4 आवासीय मकान खतरे में आ गए हैं। हालांकि सभी निवासी सुरक्षित हैं और एहतियात के तौर पर एसडीआरएफ और प्रशासन द्वारा प्रभावित परिवारों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया जा रहा है। बचाव और निकासी अभियान एसडीआरएफ टीम, एसडीएम महोर, एसएचओ महोर, सेना, स्थानीय निवासियों और अन्य संबंधित एजेंसियों द्वारा संयुक्त रूप से चलाया जा रहा है।

अभियान जारी है और जनता को प्रभावित क्षेत्र से दूर रहने और जिला प्रशासन के निर्देशों का सख्ती से पालन करने की सलाह दी गई है।

वहीं रामबन पहाड़ी से लगातार पत्थर गिरने की सूचना मिलने पर जिससे आसपास के आवासीय मकानों को गंभीर खतरा पैदा हो गया था। यात्रा सहायता शिविर रामसू से एसडीआरएफ की एक बचाव टीम स्थानीय पुलिस के साथ शिव मंदिर के पास बिस्लेरी नाले के कार्लाना गांव पहुंची। टीम ने जन जागरूकता अभियान चलाया जिसमें निवासियों को सतर्क रहने, संवेदनशील क्षेत्र से दूर रहने और पत्थर गिरने की आशंका को देखते हुए सभी सुरक्षा सावधानियों का सख्ती से पालन करने की सलाह दी गई। ग्रामीणों से यह भी आग्रह किया गया कि वे सतर्क रहें और किसी भी आपात स्थिति में संबंधित अधिकारियों को तुरंत सूचित करें।

एसडीआरएफ, जिला प्रशासन और स्थानीय पुलिस के समन्वय से जनता की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए दोनों क्षेत्रों में स्थिति पर लगातार नज़र रख रही है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सुमन लता