home page

एसडीएच से मरीजों को निजी सुविधाओं में स्थानांतरित करने के आरोप में प्रशासनिक जांच के आदेश

 | 

बनिहाल, 14 नवंबर (हि.स.)। बनिहाल के उप-जिला अस्पताल (एसडीएच) में कुछ डॉक्टरों द्वारा मरीजों को सरकारी अस्पताल में आवश्यक स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने के बजाय निजी चिकित्सा केंद्रों में निदान और उपचार के लिए भेजने के आरोपों की प्रशासनिक जांच के आदेश दिए गए हैं।

यह जांच स्थानीय निवासी और स्वयंसेवी रूहान डार द्वारा दी गई लिखित शिकायत के बाद शुरू की गई है जिसमें उन्होंने शहर के कुछ डॉक्टरों और एक निजी निदान केंद्र के बीच संभावित मिलीभगत का आरोप लगाया है।

शिकायत में मरीजों के कल्याण, पेशेवर जवाबदेही और सार्वजनिक स्वास्थ्य सेवाओं के वितरण को लेकर चिंताएं जताई गई हैं। शिकायत में कुछ विभागों, विशेष रूप से सर्जरी, रेडियोलॉजी और पैथोलॉजी के कामकाज में कथित अनियमितताओं पर प्रकाश डाला गया है।

शिकायत के अनुसार एसडीएच बनिहाल में तैनात एक सर्जन कथित तौर पर पेट संबंधी बीमारियों, पित्ताशय की पथरी और अपेंडिक्स से पीड़ित मरीजों को सरकारी अस्पताल में उचित परामर्श और उपचार प्रदान करने के बजाय निजी क्लीनिकों में भेज रहे हैं।

शिकायत में यह भी आरोप लगाया गया है कि पेट संबंधी समस्याओं वाले मरीजों को निजी क्लीनिकों में एंडोस्कोपी और सिग्मोइडोस्कोपी कराने की सलाह दी जाती है जबकि पित्ताशय की पथरी और अपेंडिक्स के इलाज की आवश्यकता वाले मरीजों को कथित तौर पर निजी अस्पतालों में रेफर किया जाता है। शिकायतकर्ता ने यह भी आरोप लगाया है कि अस्पताल के पैथोलॉजिस्ट आधिकारिक कार्य समय के दौरान पेरिफेरल ब्लड फिल्म (पीबीएफ) परीक्षण और बायोप्सी सहित कुछ जांचें नहीं कर रहे हैं।

इसके अलावा शिकायत में दावा किया गया है कि अस्पताल के अल्ट्रासाउंड अनुभाग में आने वाले मरीजों को कथित तौर पर एक रेडियोलॉजिस्ट के निजी क्लिनिक में यह कहकर भेजा जाता है कि सरकारी अस्पताल में उपलब्ध अल्ट्रासाउंड उपकरण अपर्याप्त हैं।

शिकायत में संबंधित सर्जन और रेडियोलॉजिस्ट की आधिकारिक ड्यूटी से अनुपस्थिति विशेष रूप से शनिवार को पर भी सवाल उठाए गए हैं और उनकी उपस्थिति और ड्यूटी रिकॉर्ड के सत्यापन की मांग की गई है। शिकायत में उठाया गया एक अन्य महत्वपूर्ण मुद्दा बनिहाल स्थित एक निजी निदान प्रयोगशाला के कथित विस्तार से संबंधित है जिसे बहु-विशेषज्ञता परामर्श और प्रक्रिया केंद्र में परिवर्तित किया गया है।

बताया जा रहा है कि यह केंद्र हृदय रोग, गैस्ट्रोएंटरोलॉजी, स्त्री रोग और अन्य चिकित्सा विशिष्टताओं में सेवाएं प्रदान करता है।

शिकायतकर्ता ने संस्थान के पंजीकरण, वैधानिक अनुमतियों और अनिवार्य नियामक स्वीकृतियों के सत्यापन की मांग की है जिसमें गर्भाधान पूर्व और प्रसवपूर्व निदान तकनीक अधिनियम का अनुपालन भी शामिल है।

शिकायत में आगे आरोप लगाया गया है कि पेट संबंधी समस्याओं से पीड़ित मरीजों को निजी अस्पतालों में एंडोस्कोपी और सिग्मोइडोस्कोपी कराने की सलाह दी जाती है जबकि पित्ताशय की पथरी और अपेंडिक्स के इलाज की आवश्यकता वाले मरीजों को कथित तौर पर निजी अस्पतालों में भेजा जाता है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सुमन लता